बवाना इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्ट्रियों में लगी भीषण आग, 17 की मौत
नई दिल्लीः राजधानी दिल्ली के बवाना में तीन फैक्ट्रियों में भीषण आग लग गई। आग से 17 लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा कि आग प्लास्टिक के गोदाम से शुरू हुई जो पास ही मौजूद पटाखा फैक्ट्री तक पहुंच गई। हादसे में 13 लोग पहली मंजिल, 3 ग्राउंड फ्लोर पर और एक की मौत बेसमेंट में हुई। बताया जा रहा है कि मरने वालों में 8 महिलाएं शामिल हैं।
फिलहाल आग पर काबू कर लिया गया है। मौके पर दमकल की एक दर्जन से ज्यादा गाड़ियां मौजूद हैं। आग सबसे पहले सेक्टर 5 में शाम करीब साढ़े छह बजे लगी।जानकारी के मुताबिक आग पटाखा, प्लास्टिक और कार्पेट फैक्ट्री में लगी है। बताया जाता है कि आग एक फैक्ट्री में लगी थी, लेकिन वो इतनी भीषण थी कि उसने फिर 2 फैक्ट्रियों को अपने कब्जे में ले लिया।
हालांकि अभी आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। गोदाम में फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम जारी है। वहीं, दिल्ली फायर सर्विस के डायरेक्टर जीसी मिश्रा ने बताया, ‘हमें बवाना सेक्टर 1 की प्लास्टिक फैक्ट्री, सेक्टर 5 की पटाखा फैक्ट्री और तीसरी कॉल एक ऑइल स्टोरेज डिपो से मिली थी। सभी मौतें सेक्टर 5 में लगी आग से हुई हैं। आग पर काबू पा लिया गया है। अभी तक हमें 17 शव मिले हैं।’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बवाना में लगी आग और मौतों पर दुख जताया है। पीएम ने ट्वीट कर कहा, ‘बवाना की फैक्ट्री में आग की खबर से दुखी हूं। इस घटना में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’
Deeply anguished by the fire at a factory in Bawana. My thoughts are with the families of those who lost their lives. May those who are injured recover quickly: PM @narendramodi
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने इस मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि वह बचाव अभियानों पर नजर रख रहे हैं।
V sad to hear abt large no of casualties. Keeping a close watch on rescue operations https://t.co/yHwQAH0bKi
उधर, NDMC के एक अधिकारी ने बताया कि नॉर्थ दिल्ली की मेयर प्रीति अग्रवाल मौके पर पहुंच गई हैं। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के आदेश पर एम्स के ट्रॉमा सेंटर पर अलर्ट जारी कर दिया गया है।