Site icon Yashbharat.com

बर्खास्‍त सिपाही तेजबहादुर यादव ने कहा-वाराणसी से लडेंगे चुनाव

वाराणसी। काशी में भी अब सियासी पारा चढने लगा है। एक ओर कांग्रेस से प्रियंका गांधी के चुनाव लडने की सुगबुगाहट है तो दूसरी ओर सपा ने अपने पत्‍ते नहीं खोले हैं। जबकि भीम आर्मी के चंद्रशेखर ने जुलूस निकालने के बाद भी चुनाव लडने से मना कर दिया है। पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ हालांकि अभी तक काशी से बीएसएफ के बर्खास्‍त जवान तेजबहादुर यादव ने ही चुनाव लडने की घोषणा की है। शनिवार को उन्‍होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए इस बात की पुष्टि कर दी है।

सेना में खराब भोजन की शिकायत के बाद बर्खास्‍त किए गए बीएसएफ के जवान तेज बहादुर यादव ने अपने कई सहयोगियों के साथ शनिवार को वाराणसी में प्रेस को संबोधित करने के बाद चुनाव लड़ने की घोषणा की। बताया कि 24 अप्रैल को वह वाराणसी से नामांकन करेंगे। कहा कि असली चौकीदार और नकली चौकीदार के बीच वाराणसी में अब चुनाव होगा। तेज बहादुर के साथ सेना की वर्दी में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कुछ बर्खास्त जवान है तो कुछ रिटायर्ड भी मौजूद रहे। उन्‍होंने बताया कि 24 अप्रैल को नामांकन के लिए टकसाल सिनेमा से सुबह 9 बजे अपने समर्थकों के साथ वह पैदल ही कलेक्ट्रेट पहुचेंगे।

बताया कि इस चुनाव में किसान और जवान भी मुददा होना चाहिए। तेज बहादुर ने कहा आम आदमी से उन्हें समर्थन प्राप्त है, गठबंधन से भी बात हुई है और उन्होंने मुझसे समय मांगा है। कहा कि मैं फौजी हूं मुझे लालच दिया जा रहा है, लेकिन मैं पीछे हटने वाला नहीं हूं।

Exit mobile version