Site icon Yashbharat.com

बनने से पहले लफड़े में सरकार, ‘मलाईदार’ मंत्रालयों को लेकर रस्साकशी

images 6 2

बेंगलुरु। कर्नाटक में गठबंधन सरकार की भागीदार कांग्रेस और जेडीएस के बीच मंत्री पद बंटवारे को लेकर अब तक समझौता नहीं हो सका है. सूत्रों ने न्यूज़ 18 को बताया कि कांग्रेस राज्य में दो डिप्टी सीएम बनाए जाने की अपनी पुरानी मांग पर अब भी अड़ी है. कांग्रेस चाहती है कि दोनों डिप्टी सीएम उसकी पार्टी से ही हों, लेकिन कुमारस्वामी इसके लिए तैयार नहीं.

बता दें कि मुख्यमंत्री कुमारस्वामी के साथ कांग्रेस के जी परमेश्वर ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली थी. वहीं विधानसभा में शक्ति परीक्षण के दौरान बीजेपी विधायकों ने वाकआउट कर दिया था, जिसके बाद सत्ताधारी गठबंधन ने आसानी से बहुमत साबित कर दिया. हालांकि अब एक हफ्ता बीत जाने के बाद भी मंत्री पदों को लेकर कांग्रेस और जेडीएस में कोई समझौता नहीं हो पाया है.

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस यहां सीएम पद की कुर्बानी का हवाला देते हुए कुछ मलाईदार मंत्रालयों पर आंख गड़ाए हुए हैं. पार्टी यहां वित्त, पीडब्ल्यूडी और ऊर्जा सहित कम से कम 22 मंत्री पद मांग रही है.

उधर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी मां सोनियां गांधी के मेडिकल चेकअप के लिए अमेरिका जाने से पहले पार्टी नेता गुलाम नबी आजाद, अहमद पटेल और अशोक गहलोत को जेडीएस के साथ मंत्री पद बंटवारे का जिम्मा सौंपा है. इसे लेकर आजाद के आवास पर सोमवार शाम कांग्रेस और जेडीएस के बीच बैठक भी हुई, हालांकि उसका कोई नतीजा नहीं निकल सका.

इस बैठक में जद(एस) की तरफ से मुख्यमंत्री कुमारस्वामी, दानिश अली और एचडी रेवन्ना तथा कांग्रेस की तरफ से गुलाम नबी आजाद, अहमद पटेल, डीके शिवकुमार, मल्लिकार्जुन खड़गे, सिद्धरमैया, केसी वेणुगोपाल और जी परमेश्वर शामिल हुए. वहीं बैठक के बाद जेडीएस नेता दानिश अली ने मीडिया से बताया कि दोनों दल एक-दो दिन में आम सहमति बना लेंगे.

Exit mobile version