Site icon Yashbharat.com

बदरीनाथ व केदारनाथ मंदिर को मुकेश अंबानी ने दान किए 2.17 करोड़

kedarnath badrinath mandir 01211 24 05 2018

चमोली। उद्योगपति मुकेश अंबानी ने बृहस्पतिवार को परिवार के साथ बदरीनाथ और केदारनाथ के दर्शन किए। बदरीनाथ में उन्होंने वेदपाठ पूजा में भाग लिया तो केदारनाथ में रुद्राभिषेक समेत अन्य पूजाएं कीं। इस दौरान उन्होंने बदरीनाथ और केदारनाथ मंदिर को 2.17 करोड़ रुपये का दान भी किया। इसमें से 1.66 करोड़ बदरीनाथ और 51 लाख रुपये केदारनाथ मंदिर को दान किए।

गुरुवार सुबह मुकेश अंबानी हेलीकाप्टर से बदरीनाथ पहुंचे। उनके साथ पुत्र आकाश अंबानी व होने वाली पुत्रवधू श्लोका भी थीं। हेलीपैड से अंबानी सीधे बदरीनाथ मंदिर पहुंचे। यहां पर उन्होंने पारिवारिक सदस्यों के साथ विश्व कल्याण के लिए मंगल वेदपाठ पूजा में भाग लिया।

बदरीनाथ व केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह ने बताया कि अंबानी ने बदरीनाथ मंदिर में चंदन केसर के लिए 1.01 करोड़ और अन्य पूजाओं के लिए 65 लाख का दान किया। बदरीनाथ में करीब एक घंटा बिताने के बाद वह केदारनाथ पहुंचे। यहां हेलीपैड पर वयोवृद्ध तीर्थपुरोहित श्रीनिवास पोस्ती ने उनका स्वागत किया।

यहां से वह सीधे मंदिर गए और रुद्राभिषेक समेत अन्य पूजा में हिस्सा लिया। मंदिर की परिक्रमा के बाद अंबानी ने पुनर्निर्माण कार्यों को देखा। बदरी-केदार मंदिर समिति के कार्याधिकारी एनपी जमलोकी ने बताया कि उन्होंने केदारनाथ मंदिर को 51 लाख रुपये भी दान किए।

Exit mobile version