Site icon Yashbharat.com

बड़ी खबर : जिले में 370 एक्टिव केस, आज 11 नए पॉजीटिव केस, 83 ने दी कोरोना को मात

covid test kit

covid test kit

कटनी। (आशीष रैैैकवा)। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर से राहत का सिलसिला जारी है। संक्रमण की दर 1 प्रतिशत से नीचे आने के बाद एक्टिव केस भी हर दिन कम होते जा रहे हैं। जिले में अब 370 एक्टिव केस हैं, जिसमे से 301 मरीज होम आईसोलेशन में उपचाररत हैं।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. समीर सिंघई ने जानकारी देते हुए बताया कि कटनी जिले में पिछले चौबीस घंटे में 11 नए पॉजीटिव केस मिले हैं। जिसमे 24 मई को रेपिड एंटीजन टेस्ट की 654 सेम्पल की रिपोर्ट में 6, सुप्राटेक लैब अहमदाबाद से मिली 23 मई की 312 सेम्पल की रिपोर्ट में 1 और नई बस्ती स्थित पेटकाइंड प्राईवेट लैब से 4 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इस तरह आज भी कटनी जिले में संक्रमण की दर 1 प्रतिशत के नीचे रही।

हर दिन बढ़ रहा रिकव्हरी रेट
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. समीर सिंघई ने बताया कि जिले में हर दिन रिकव्हरी रेट बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे में जिले में 83 लोगों ने कोरोना संक्रमण को मात दी है। इस तरह मई के महीने में 2992 और अब तक कुल 8849 मरीज कोरोना से ठीक होकर घर जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि मई के महीने में पॉजीटिव केस कम आने के साथ ही ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ी है।

मई में अब तक आधा सैकड़ा से ज्यादा मौतें
अप्रैल के बाद मई के शुरूआती दिनों में भी कोरोना संक्रमण ने ऐसा कहर बरपाया कि मौतों का आंकड़ा आधा सैकड़ा को पार कर गया। स्वास्थ्य विभाग के हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक जिले में 1 मई से लेकर 25 मई तक 62 मौतें दर्ज की गई हैं। इस तरह 25 दिनों में औसतन हर दिन चार लोगों ने कोरोना संक्रमण से दम तोड़ा है। पिछले 24 घंटे में भी तीन मृत्यु हुई है। इस तरह अब जिले में कुल मौतों का आंकड़ा 98 तक पहुंच गया है।

Exit mobile version