Site icon Yashbharat.com

बड़ी खबर: कोरोना में 2डीजी के बाद अब इस दवा को वैज्ञानिकों ने पाया असरदार, क्लीनिकल परीक्षण शुरू

vermectin corona

देश में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर अब काफी हद तक काबू में आ गई है। अप्रैल और मई के शुरुआती हफ्तों में रोजाना जहां संक्रमण के मामले साढ़े तीन लाख के आंकड़े को पार कर गए थे, वह अब घटकर सवा लाख से भी कम हो गए हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ, वैक्सीनेशन को कोरोना से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय मान रहे हैं, इसी को ध्यान में रखते हुए टीकाकरण के अभियान को तेज कर दिया गया है। इस बीच देश में कोरोना की दवाओं के निर्माण का काम भी जोरों पर चल रहा है। रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा बनाई कोरोना की दवा 2डीजी के बाद अब एक अन्य दवा पर भी तेजी से काम जारी है। सीएसआईआर और लक्साई लाइफ साइंसेज ने एक अन्य दवा का क्लीनिकल परीक्षण शुरू किया है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने रविवार को इस संबंध में जानकारी दी है।
आइए इस लेख में जानते हैं कि कोविड-19 के इलाज में क्लीनिकल परीक्षण को भेजी गई यह दवा किस प्रकार से सहायक साबित हो सकती है?

पवर्म संक्रमण में प्रयोग की जाती रही है दवा
विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने रविवार को ट्वीट कर बताया-  ”सीएसआईआर और लक्साई लाइफ साइंसेज ने ‘निक्लोसामाइड’ नामक दवा का क्लीनिकल परीक्षण शुरू किया है। इस दवा का उपयोग पहले वयस्कों और बच्चों में होने वाले टेपवर्म संक्रमण के इलाज में व्यापक रूप से किया जाता रहा है। पहले भी सुरक्षात्मक दृष्टि से कई बार इसका परीक्षण किया जा चुका है, जिसमें इस दवा को इंसानों के इस्तेमाल के लिए सुरक्षित पाया गया है।” कोविड-19 के उपचार में भी इस दवा को वैज्ञानिक प्रभावी मान रहे हैं, इसी की पुष्टि करने के लिए संस्थानों ने निक्लोसामाइड दवा का क्लीनिकल ट्रायल शुरू किया है।

सिनसाइटिया निर्माण को रोक सकती है यह दवा
डीजी-सीएसआईआर के सलाहकार डॉ राम विश्वकर्मा ने बताते हैं- ‘हम उस दवा की खोज में लगे हुए थे जो कि सिनसाइटिया निर्माण को रोकने में कारगर हो सके। इसी क्रम में किंग्स कॉलेज, लंदन के अनुसंधान समूह द्वारा निक्लोसामाइड दवा की पहचान की गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक कोविड-19 के कई रोगियों के फेफड़ों में सिनसाइटिया या फ्यूज्ड कोशिकाएं देखी जा रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि संभवत: सार्स-सीओवी-2 के स्पाइक प्रोटीन की फ्यूजोजेनिक गतिविधि के परिणामस्वरूप यह निर्मित हो रही हैं। अब तक के अध्ययनों में देखा गया है कि निक्लोसामाइड दवा, इस तरह के निर्माण को रोकने में कारगर साबित हो सकती है।

वायरस के शरीर में प्रवेश को भी रोकने की क्षमता
सीएसआईआर-आईआईआईएम और जम्मू एंड एनसीबीएस ने एक सहयोगात्मक अनुसंधान के दौरान हाल ही में पाया कि निक्लोसामाइड दवा सार्स-सीओवी-2 वायरस को शरीर में प्रवेश करने से भी रोक सकती है। वैज्ञानिकों ने पाया कि यह दवा पीएच एंडोसाइटिक मार्ग के माध्यम से वायरस का प्रवेश अवरोधक साबित हो सकती है। वैज्ञानिकों द्वारा किए गए इन दो स्वतंत्र प्रायोगिक अध्ययनों को देखते हुए निक्लोसामाइड को कोविड-19 रोगियों में नैदानिक परीक्षण के लिए भेजने का रास्ता साफ हुआ है।

सार्स रोगियों के उपचार में किया गया था दवा का इस्तेमाल
इससे पहले साल 2004 के प्रकोप के दौरान भी निक्लोसामाइड दवा का प्रयोग सार्स रोगियों के इलाज में किया गया था। हाल ही में इटली के ट्रिएस्ट स्थित यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल में शोधकर्ताओं की एक टीम ने एक अध्ययन में पाया कि यह दवा कोरोना वायरस संक्रमण के उपचार में प्रभावी है। अध्ययन में, वैज्ञानिकों ने बताया कि यह दवा घातक रोगज़नक़ से लड़ने में काफी मदद कर सकती है।
भारत में कोरोना की उपलब्ध दवा
भारत में कोविड-19 रोगियों के इलाज के लिए रक्षा अनुसंधान व विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा तैयार की गई दवा ‘2डीजी’ उपलब्ध है। इस दवा को इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूक्लियर मेडिसिन एंड एलाइड साइंसेज (आईएनएमएएस) ने हैदराबाद के डॉक्टर रेड्डी लेबोरेटरी के साथ मिलकर तैयार किया है। पाउडर के रूप में उपलब्ध इस दवा को लेकर दावा किया जा रहा है कि यह रोगियों में ऑक्सीजन की कमी को दूर करने और संक्रमितों की जान बचाने में बेहद कारगर साबित हो सकती है।
अगर क्लीनिकल ट्रायल में निक्लोसामाइड को प्रभावी पाया जाता है और इसके इस्तेमाल की अनुमति मिल जाती है तो यह देश में कोरोना के उपचार के लिए  2डीजी के बाद दूसरी दवा हो सकती है।

Exit mobile version