कटनी। कटनी जिले में अनलॉक के पहले राहत मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। आज लगातार दूसरे दिन कटनी जिले में मात्र एक पॉजीटिव केस सामने आया है।
खास बात यह है कि सबसे विश्वसनीय मानी जाने वाली आरटी-पीसीआर की जांच में अब एक भी पॉजीटव केस नहीं मिल रहे हैं। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. समीर सिंघई ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 24 घंटे में 683 सेम्पल की रिपोर्ट में एक पॉजीटिव केस मिला है।
इस तरह आज कटनी में संक्रमण की दर 0.14 प्रतिशत रही। बताया जाता है कि 28 मई को 331 सेम्पल (आरटी-पीसीआर) जांच के लिए सुप्राटैक अहमदाबाद की इंदौर लैब में जांच के लिए भेजे गए थे, जिसमे से एक भी पॉजीटिव नहीं आया है।
इसी तरह रेपिड एंटीजन टेस्ट की 29 मई की 352 सेम्पल की रिपोर्ट में एनकेजे निवासी एक 75 वर्षीय महिला में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इस तरह कटनी जिले में अब कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 9342 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 55 मरीजों ने कोरोना संक्रमण को मात दी है।
अब तक 9153 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में एक्टिव केस का आंकड़ा 100 से नीचे आते हुए 81 आ गया है। जिसमे से 21 मरीज जिला चिकित्सालय, 6 निजी चिकित्सालय और 54 होम आईसोलेशन में उपचाररत हैं।
स्वास्थ्य विभाग के हेल्थ बुलेटिन में एक मौत भी दर्ज की गई है। इस तरह मौतों का आंकड़ा 108 तक पहुंच गया है।

