ग्वालियर, राज्य ब्यूरो। मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल अंचल की 16 सीटों पर विधानसभा उपचुनावों के मुहाने पर खड़ी भाजपा को पार्टी के वरिष्ठ नेता ही कठघरे में खड़ा कर रहे हैं। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पार्टी पर हमलावर हुए प्रदेश के पूर्व मंत्री अजय विश्नोई के बाद अब पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया ने नवनियुक्त मंत्रियों से सवाल पूछे हैं।
नए मंत्री ग्वालियर में सिंधिया की छत्री पर गए, महारानी लक्ष्मीबाई की समाधि पर क्यों नहीं गए
पवैया ने शनिवार को ट्वीट करके पूछा- मध्य प्रदेश के नए मंत्री जब ग्वालियर आए तो वीरांगना लक्ष्मीबाई की समाधि पर दो फूल चढ़ाने क्यों नहीं गए? याद रखें यह प्रजातंत्र और मंत्री परिषद शहीदों के लहू से ही उपजे हैं, इतना तो बनता है।’ चौथी बार मुख्यमंत्री बने शिवराज सिंह चौहान शनिवार को ग्वालियर दौरे पर थे। उनके साथ प्रदेश के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा भी थे।
कैबिनेट मंत्री प्रद्युम्न सिंह और राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया आए थे ग्वालियर
मुख्यमंत्री शिवराज जब अधिकारियों के साथ कोरोना महामारी की समीक्षा कर ही रहे थे तभी अचानक पूर्व मंत्री पवैया का ट्वीट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मीडिया ने इस पर सीएम की प्रतिक्रिया जानना चाही, लेकिन उनका कोई जवाब नहीं मिला। दरअसल, मंत्रिमंडल विस्तार के बाद विभाग आवंटन का आठ दिन से भोपाल में रुककर इंतजार कर रहे नवनियुक्त मंत्री सप्ताह के अंत में अपने अपने जिलों में लौटे हैं। शुक्रवार को कांग्रेस से भाजपा में आए कैबिनेट मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और भिंड जिले के मेहगांव से पूर्व विधायक और हाल ही में राज्यमंत्री बनाए गए ओपीएस भदौरिया ग्वालियर आए थे। दोनों ही मंत्री सिंधिया राजघराने की छत्री (यहां सिंधिया राजघराने की समाधियां हैं) पहुंचे और स्व. माधवराव सिंधिया की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

