Site icon Yashbharat.com

प्रियंका वाड्रा बोलीं-2019 में मां लड़ेंगी रायबरेली से चुनाव

priyanka gandhi and sonia gandhi

सोनिया गांधी राजनीति से संन्यास नहीं लेंगी। उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि सोनिया गांधी ही आगामी लोकसभा चुनाव रायबरेली से लड़ेंगी।

उन्होंने मां की जगह खुद के चुनाव लड़ने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी मां कांग्रेस अध्यक्ष पद से रिटायर हुई हैं, राजनीति से नहीं।

एनडीटीवी से बात करते हुए प्रियंका ने कहा, “रायबरेली से मेरा चुनाव लड़ने का कोई सवाल ही नहीं उठता, वहां से मेरी मां ही फिर से चुनाव लड़ेंगी।”

प्रियंका उन अटकलों पर जवाब दे रही थीं जिसमें कहा जा रहा था कि साल 2019 के आम चुनावों में वो रायबरेली सीट से चुनाव लड़कर राजनीति में प्रवेश करेंगी। बता दें कि साल 2004 से सोनिया गांधी ही इस संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व करती आ रही हैं।

प्रियंका ने कहा, “जैसा कि हमने देखा है, मेरी मां बहुत साहसी महिला हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि उनके पति रॉबर्ट वाड्रा भी उनकी बातों से सहमत हैं। सोनिया गांधी ने शुक्रवार को पार्टी नेताओं से कहा था कि अब उनके रिटायर होने का वक्त आ गया है। इसके बाद से राजनीतिक जगत में सवाल उठने लगे थे कि क्या सोनिया गांधी संसदीय जीवन से भी रिटायर हो जाएंगी।

Exit mobile version