कटनी। माधवनगर थाना अंतर्गत उपनगरीय क्षेत्र लखेरा स्थित एक मकान में सुबह-सुबह छापा मारकर सीबीआई की टीम ने एक युवक को गिरफ्तार किया और अपने साथ ले गई।
लखेरा स्थित ससुराल में फरारी काट रहा था शहडोल का निशांत
युवक शहडोल का रहने वाला है तथा लखेरा में अपनी ससुराल में फरारी काट रहा था। युवक पर पोस्ट आफिस में लाखों रूपये के गबन का आरोप बताया जाता है।
इस संबंध में सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शहडोल निवासी निशांत मिश्रा नामक युवक उपनगरीय क्षेत्र लखेरा स्थित अपनी ससुराल में पिछले लंबे समय से रह रहा था। वह ससुराल में क्यों रह रहा था। इस बात की भनक आसपास पड़ोस के लोगों को भी नहीं थी।
बताया जाता है कि आज सुबह जबलपुर से कटनी पहुंची सीबीआई की टीम ने निशांत की ससुराल में छापा मारा और उसे गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। सीबीआई की टीम तवेरा या इनोवा जीप क्रमांक एम.पी.21बीए-0549 में निशांत को गिरफ्तार करने पहुंची थी।
निशांत की गिरफ्तारी के संबंध में ज्यादा जानकारी तो नहीं मिल सकी लेकिन माधवनगर थाना प्रभारी मंजीत सिंह ने बताया कि निशांत पर पोस्ट आफिस में लाखों रूपए के गबन का आरोप है तथा उसके विरूद्ध सीबीआई ने प्रकरण दर्ज किया है। श्री सिंह के मुताबिक सीबीआई की टीम के द्धारा निशांत को गिरफ्तार करने में थाना पुलिस की भी मदद ली गई है लेकिन गिरफ्तारी से संबंधित ज्यादा जानकारी पुलिस से साझा नहीं की गई है।

