Site icon Yashbharat.com

‘पॉर्न फिल्‍म दिखाकर मूकबधिर लड़कियों का शोषण करता था आरोपी अश्विनी शर्मा

Bhopal hostel rapecase

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के एक प्राइवेट हॉस्टल में मूकबधिर युवती से हुए रेप के मामले में एक और सनसनीखेज खुलासा हुआ है. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी अश्विनी शर्मा अश्लील वीडियो दिखाकर लड़कियों के साथ ज्यादती करता था. इस तरह वह कई लड़कियों को अपनी हवस का शिकार बना चुका है. अब तक सामने आ चुकी तीन मूकबधिर युवतियों ने साइन लैंग्वेज के जरिए आरोप लगाए हैं. इन युवतियों ने एक अन्य युवती के साथ भी शारीरिक शोषण होने की बात पुलिस को बताई है.

भोपाल के अवधपुरी में जिस हॉस्टल में ये घटना सामने आई है, वो सरकारी अनुदान पर चलता था. उसी हॉस्टल की दो लड़कियों ने भोपाल में अवधपुरी थाने के बाद इंदौर के हीरा नगर थाने में भी एफआईआर दर्ज कराई है. ये दोनों सगी बहनें हैं.

शिकायत के मुताबिक आरोपी हॉस्टल संचालक अश्विनी शर्मा ने उन दोनों का यौन उत्पीड़न किया. इन दोनों सगी बहनों ने ये भी ख़ुलासा किया कि अश्विनी शर्मा ने हॉस्टल की एक अन्य छात्रा के साथ भी ज़्यादती की थी और फिर उसका गर्भपात करा दिया था. वो छात्रा अब लापता है. उसकी तलाश जारी है.
इससे पहले रेपकांड के आरोपी अश्विनी शर्मा को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है. पुलिस ने उसे शुक्रवार को अदालत में पेश किया. अदालत ने उसे दो दिन की रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया. आरोपी हॉस्टल संचालक पर तीन FIR दर्ज हो चुकी है. पुलिस ने बताया कि पूछताछ में और भी खुलासे हो सकते हैं.

गौरतलब है कि भोपाल में हुए इस कांड का ख़ुलासा गुरुवार को हुआ. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना पर अफसोस जताते हुए शुक्रवार सुबह मुख्य सचिव और डीजीपी के साथ बैठक की थी. उन्‍होंने अफसरों को सख़्त निर्देश दिए थे कि आरोपियों को सज़ा दिलाने के लिए ज़रूरी कानूनी कार्रवाई समय पर हो.

Exit mobile version