Site icon Yashbharat.com

पेरेंट्स को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे बच्चे, ऐसे लेंगे वचन

2018 3image 07 51 262947685evmcounting ll

भोपाल। अब बच्चे अपने अभिभावकों को मतदान करने के लिए जागरूक करेंगे। इसके लिए स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से लोकसभा चुनाव में सौ प्रतिशत मतदान के लिए स्कूलों में मतदाता साक्षरता क्लब बनाने के निर्देश दिए हैं। इस क्लब के माध्यम से स्कूल के बच्चों को जागरूक किया जाएगा, ताकि वे अपने घर जाकर अभिभावकों और पड़ोसियों को मतदान के लिए जागरूक कर सकें। इसके माध्यम से स्कूलों में विभिन्न प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जाएगी। यह क्लब सभी हाईस्कूलों व हायर सेकंडरी स्कूलों में गठित किया जाएगा।

क्लब में प्रिंसिपल, एक शिक्षक और 9वीं से 12वीं कक्षा तक के एक-एक बच्चे सदस्य होंगे। यह क्लब स्कूलों में आदर्श मतदान के लिए नारा लेखन, निबंध व पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित करेगा। इसके अलावा सौ प्रतिशत मतदान के लिए पत्र लेखन अभियान भी शुरू किया जाएगा। इसमें बच्चे अपने माता-पिता को वोट डालने के लिए पत्र लिखेंगे और मतदान करने के लिए वचन लेंगे। इस पत्र को अभिभावकों से हस्ताक्षर लेकर स्कूल में जमा भी करना होगा। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि लोकसभा चुनाव में सौ प्रतिशत मतदान लक्ष्य है और इसके लिए बच्चे अपने माता-पिता को जागरूक करेंगे। स्कूलों में 22 अप्रैल तक विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिता आयोजित होंगी।

सर्वश्रेष्ठ लेखन के लिए पुरस्कृत भी होंगे

जिले में सभी प्रतियोगिताओं में बेहतर करने वाले बच्चों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ नारा लेखन के लिए जिले से एक बच्चे का चयन होगा। इसके अलावा स्कूलों में पोस्टर, निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा।

जागरूक करेंगे

लोकसभा चुनाव में सौ प्रतिशत मतदान के लिए स्कूलों में विभिन्न् तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही मतदाता जागरूकता अभियान समिति की बैठक होगी तो स्कूलों में अन्य अभियान शुरू करने के लिए विचार-विमर्श किया जाएगा।

Exit mobile version