पूर्व विधानसभा क्षेत्र में प्रशासन बरत रहा सतर्कता
जबलपुर। पूर्व विधानसभा क्षेत्र को लेकर पुलिस व जिला प्रशासन पहले से ही सतर्क है, लेकिन पिछले दिनों हुए झगड़े, गोलीबारी, बमबाजी के बाद अब कलेक्टर व एसपी ने अपनी नजर और तेज कर दी है। दोनों अधिकारियों ने पूर्व विधानसभा क्षेत्र का स्वयं निरीक्षण कर मतदाताओं से चर्चा करना शुरु कर दिया है। यहां तक कि पूर्व क्षेत्र के मतदान केन्द्रों पर अतिरिक्त बलों को तैनात किया जा रहा है ताकि किसी प्रकार की कोई घटना न हो। बताया जाता है कि पूर्व विधानसभा क्षेत्र में भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच साड़ी बांटने को लेकर जो झगड़ा हुआ, उसके बाद जिला व पुलिस प्रशासन भी सम्हालने में पूरी तरह से नाकाम रहा, उपद्रवियों ने थाना के अंदर गोलियां चलाई तो थाना के बाहर बमबाजी, यहां तक कि घमापुर से खटीक मोहल्ला तक भगदड़ व अफरातफरी मची रही, खुलेआम बमबाजी होती रही। जिसे देखते हुए आमजनों में अभी तक दहशत व्याप्त है। पूर्व विधानसभा क्षेत्र में हुए घटनाक्रम के बाद इन क्षेत्रों में पुलिस बल तो बढ़ा दिया गया, यहां तक कि पुलिस की मोबाइलें लगातार भ्रमण कर रही है, फिर भी एसपी व कलेक्टर ने भी अपना सारा ध्यान पूर्व विधानसभा क्षेत्र में केन्द्रित कर दिया है, जिसके चलते यहां के मतदान केन्द्रों का लगातार भ्रमण किया जा रहा है, अतिरिक्त बलों को तैनात किया जा रहा है ताकि किसी प्रकार के विवाद की स्थिति न बने।