Site icon Yashbharat.com

पुलिसकर्मी बन 15 लाख के हीरे ले उड़े बदमाश, सुनार को चेकिंग के बहाने रोककर की वारदात

police

police

मध्य दिल्ली के करोल बाग इलाके में खुद को पुलिसकर्मी बताकर बदमाशों ने ज्वेलर को जांच के लिए रोका।

बातों में उलझाकर आरोपियों ने पीड़ित के बैग से 15 लाख रुपये के हीरे उड़ा लिये। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। पीड़ित विभोर सिंगला (27) की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पीड़ित ने बताया है कि वारदात को चार से पांच आरोपियों ने मिलकर अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक विभोर सिंगला परिवार के साथ चांदनी चौक इलाके में रहता है। इसके परिवार में माता-पिता व अन्य सदस्य हैं।

 

विभोर का हीरे और जेवरात का होलसेल का कारोबार है। सोमवार दोपहर के समय वह हीरे और जेवरात लेकर करोल बाग में एक पार्टी के पास गया था। वहां नवीन नामक कारोबारी को उसने बिडनपुरा इलाके में सैंपल दिए। वहां से करीब दो बजे उसने गली नंबर-34 से एक ऑटो लिया और उसमें सवार होकर वह घर की ओर जाने लगा।

अजमल खां रोड के पास गंगेश्वर मार्ग पर पहुंचने पर काले रंग की बाइक पर सवार दो लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर उसके ऑटो को रुकवा लिया। एक आरोपी ने बताया कि गांजे की चोरी हुई है। वह उसकी जांच कर रहे हैं। बातचीत के बाद आरोपियों ने उसके ऑटो में बैग लिये एक सवारी को और बिठा दिया।
अभी यह सब ड्रामा चल रहा था कि एक बाइक पर एक युवक और आ गया। उसने ऑटो में बिठाए गए युवक के बैग की तलाशी ली। इसके बाद उससे कहा कि वह बाइक पर बैठे दोनों पुलिस कर्मियों को जाकर अपना पता नोट करवा दे। बिठाई गई सवारी ने ऐसा ही किया। इसके बाद विभोर से भी ऐसा करने को कहा गया।

विभोर अपना बैग लेकर उतरने लगा तो सवारी ने उससे बैग छोड़कर ही जाने को कहा। विभोर उनके झांसे मेंइ आ गया। नाम-पता बताने के बाद जब वह वापस आया तो बिठाई गई सवारी वहां से गायब थी। बैग की जांच करने पर उसमें रखा हीरों का पैकेट गायब था, अलबत्ता जेवरात ऐसे ही रखे थे। देखने पर बाइक सवार बाकी युवक भी फरार हो गए। पीड़ित ने मामले की सूचना देश बंधु गुप्ता रोड थाना पुलिस को दी। पुलिस ने छानबीन के बाद मामला दर्ज कर लिया है।

 

Exit mobile version