जबलपुर। जबलपुर से होकर गुजरने वाली ट्रेन संख्या-12150 दानापुर-पुणे एक्सप्रेस में आतंकवादी होने की खबर मिलते ही जबलपुर स्टेशन छावनी सा बन गया. हथियारबंद आरपीएफ के जवान और सेना पुलिस ट्रेन के पहुंचने का इंतज़ार करने लगे.जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर पहुंची. तत्काल एस-5 कोच की तलाशी ली गई. करीब 20 मिनट की खोजबीन के बाद मामला फर्जी निकला.लेकिन इस दौरान स्टेशन पर मौजूद अन्य ट्रेनों का इंतजार कर रहे यात्री खासे दहशत में नजर आए. उनको इतनी बड़ी संख्या में सेना के जवान देख समझ नहीं आ रहा था कि वह क्या करें.
चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि आतंकवादी होने की फर्जी अफवाह एक सैनिक ने फैलाई. दरअसल ट्रेन में अन्य दो साथियों के साथ सीट को लेकर हुए विवाद के चक्कर में भड़ास निकालने को सेना के जवान नंदन कुमार ने कंट्रोल में झूठी खबर कर दी कि ट्रेन में एक संदिग्ध व्यक्ति बैठा हुआ है,जो आतंकवादी सा लग रहा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा बल मुस्तैद था. खबर झूठी निकलने पर सेना पुलिस ने जवान की आईडी जब्त कर उसके खिलाफ कार्यवाही शुरु कर दी है.उसको सबसे ज्य़ादा फटकार इस बात को लेकर पड़ी कि खुद सैनिक होकर उसने ऐसी हरकत क्यों की.

