Site icon Yashbharat.com

पुडुचेरी में राष्ट्रपति शासन की मंजूरी, केंद्रीय कैबिनेट का फैसला

24 02 2021 v narayanasamy govt 2021224 223538

केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में कांग्रेस नीत सरकार गिरने के बाद केंद्रीय कैबिनेट ने बुधवार को वहां राष्ट्रपति शासन लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कैबिनेट के फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी के इस्तीफे के बाद किसी भी पार्टी ने सरकार बनाने का दावा नहीं किया। इसके बाद उपराज्यपाल ने राष्ट्रपति शासन की सिफारिश की, जिसे केंद्रीय कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। नारायणसामी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने साजिश करके एआइएनआरसी और अन्नाद्रमुक के सहयोग से उनकी सरकार गिराई है। अपने ही विधायकों के इस्तीफे कारण नारायणसामी सरकार अल्पमत में आ गई थी। सोमवार को विधानसभा में विश्वास मत प्रस्ताव पर वोटिंग से पहले ही नारायणसामी ने अपनी कैबिनेट का इस्तीफा सौंप दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को भाजपा द्वारा आयोजित एक जनसभा को संबोधित करने के साथ ही विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे और आधारशिला रखेंगे। पुडुचेरी में अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होना है। जावडेकर ने कहा कि राष्ट्रपति की सहमति मिलने के बाद वहां विधानसभा भंग कर दी जाएगी और प्रशासनिक कामकाज के लिए जल्द ही जरूरी कदम उठाए जाएंगे। चुनाव आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही वहां चुनावी आचार संहिता भी लागू हो जाएगी।

Exit mobile version