Site icon Yashbharat.com

PEB में अंगूठे के निशान नहीं मिल पाने से सिर्फ 76 फीसदी ही दे पाए परीक्षा

images 20 1

इंदौर। प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड (पीईबी) की 21 अप्रैल को हुई प्री-एग्रिकल्चर टेस्ट ऑनलाइन परीक्षा में बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन में अंगूठे के निशान न मिलने से 76 फीसदी परीक्षार्थी ही परीक्षा दे पाए। धांधली को रोकने परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के आधार कार्ड की जांच की गई तो कई के थम्ब इम्प्रेशन का मिलान नहीं हुआ।

परीक्षार्थियों ने इसे मशीन की खामी बताई जबकि पीईबी का कहना है कि परीक्षार्थियों को अपने आधार कार्ड अपडेट कराने की जरूरत है। उधर परीक्षार्थियों ने कहा कि धांधली रोकने बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन की हम भी पैरवी करते हैं लेकिन मशीनी सिस्टम से हम अवसर चूक गए हैं। आगे की परीक्षाओं में भी ऐसा हुआ तो क्या होगा। बहरहाल पीईबी ने भी इसका अन्य रास्ता निकाला है। अगली परीक्षाओं में थम्ब इम्प्रेशन से वेरिफिकेशन नहीं होने पर आइरिस स्कैनर से भी जांच की जाएगी। परीक्षार्थियों की रेटिना से उनकी पहचान की जाएगी।

इंदौर से पीएटी की परीक्षा से वंचित रही छात्रा चिन्मयी भावसार ने बताया कि बायोमेट्रिक व्यवस्था का हम स्वागत करते हैं लेकिन मशीन जिसको उचित ठहराए उसको प्रवेश मिल जाता है, मशीन जिसको मना कर दे तो उसका क्या होगा। सही व्यक्ति होने पर भी उसका भविष्य खराब हो रहा है। अगले महीने मुझे नीट देना है। यदि उसमें भी ऐसा हुआ तो मैं तो परीक्षा ही नहीं दे पाऊंगी। या तो शासन को यह व्यवस्था करनी चाहिए कि बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन न होने पर उन परीक्षार्थियों की प्रोविजनल परीक्षा ले ली जाए। बाद में सारे दस्तावेज क्रॉस चेक करने पर सही साबित हो तो उसे मुख्यधारा की परीक्षा में शामिल किया जाए।

7 शहरों में 69 केंद्र पर हुई परीक्षा

पीईबी ने प्रदेश के 7 शहरों के 69 केंद्रों पर पीएटी आयोजित किया था। इसमें इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर,

सतना, सागर और उज्जैन शामिल हैं। इन केंद्रों पर 11645 परीक्षार्थियों को बैठना था लेकिन 8929 परीक्षार्थी ही परीक्षा दे पाए। सर्वाधिक 4455 परीक्षार्थी इंदौर में थे लेकिन 3084 ही परीक्षा में बैठ पाए। इस तरह 1371 परीक्षार्थी परीक्षा से वंचित रह गए।

सिस्टम सही, आधार अपडेट कराएं परीक्षार्थी

पीईबी के परीक्षा नियंत्रक एकेएस भदौरिया ने बताया कि बायोमेट्रिक सिस्टम सही है। इसमें कोई खामी नहीं है। यदि सिस्टम सही नहीं होता तो 80 फीसदी परीक्षार्थी परीक्षा में कैसे बैठते। परीक्षार्थियों को सलाह है वे आधार को अपडेट करा लें।

Exit mobile version