Site icon Yashbharat.com

पिता की डांट का बदला मासूम से लिया, दुष्कर्म कर ऐसे दिया हत्‍या को अंजाम

इंदौर। आज सुबह कृष्णपुरा पुल के पास के नाले से चार साल की मासूम बच्ची की लाश मिली। द्वारकापुरी में रहने वाली बच्ची दो दिन से लापता थी। बच्ची को कोचिंग से उसका मुंहबोला मामा हनी ही बहला-फुसला कर ले गया था। पुलिस को सीसीटीवी के फुटेज में आरोपित बच्ची को ले जाते हुए दिखा था और आज सुबह उसकी लाश मिली।

ऐसे घटी पूरी वारदात
पुलिस ने गुरुवार रात निकिता पति अंशु सिरसिया निवासी सुदामा नगर की शिकायत पर हनी एठवाल निवासी मल्हारगढ़ (मंदसौर) के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर लिया था। निकिता ने बताया कि बेटी केजी -1 में पढ़ती है। गुरुवार शाम पिता उसे सूर्यदेव नगर स्थित कोचिंग सेंटर पर पांच बजे ट्यूशन के लिए छोड़ने गए थे। 7 बजे वे बेटी को लेने गए तो कोचिंग संचालिका ने बताया कि बच्ची को उसका मामा करीब 6.30 बजे साथ ले गया है।

निकिता के मुताबिक पति गंजी कंपाउंड स्थित सूर्या कॉम्प्लेक्स में सफाई करते थे। वहीं आरोपित से मुलाकात हुई थी। जान-पहचान होने के बाद पति उसे घर ले आए थे। करीब आठ महीने से आरोपित उनके घर रह रहा था। बेटी उसे मामा कहकर बुलाती थी। आरोपित अकसर बच्ची को कोचिंग क्लास छोड़ने और लेने जाता था।

दो दिन से चल रही थी पति और आरोपित में अनबन
निकिता ने बताया कि आरोपित अकसर शराब पीकर घर आता था। उसकी आदत से सब परेशान थे। दो दिन पहले इसी बात पर पति का उससे विवाद हो गया था। गुरुवार सुबह पति ने उसे घर से निकालते हुए दोबारा नहीं आने की धमकी दी थी। संभवतः इसी का बदला उसने लिया है।

दुष्कर्म और हत्या के जुर्म में जा चुका है जेल
पुलिस को छानबीन में पता चला है कि आरोपित दुष्कर्म और हत्या के मामले में जेल जा चुका है। आरोपित हनी की सदर बाजार निवासी बहन ने बताया कि भाई पहले मल्हारगढ़ में काम करता था। वहां उसने एक बच्ची के साथ ज्यादती के बाद हत्या कर दी थी। पुलिस ने इसमें पूरे परिवार को आरोपित बनाया था। जेल से छूटने के बाद भाई काम की तलाश में इंदौर आ गया था। आरोपित की उक्त करतूत की जानकारी बच्ची के परिवार को थी।

सात दिन पहले दोस्त के साथ गया था बहन के घर
आरोपित की बहन ने पूछताछ में बताया कि भाई एक दोस्त के साथ सात दिन पहले मिलने आया था। वह ज्यादातर समय उसी दोस्त के साथ रहता था। पुलिस उस दोस्त की तलाश भी कर रही है। आरोपित गुरुवार दोपहर तीन बजे बहन के घर पर खाना खाने गया था। देर रात पुलिस ने आरोपित की बहन को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। आरोपित मोबाइल नहीं रखता है। इस कारण उसे ट्रेस करने में समस्या आ रही है।

Exit mobile version