Sunday, May 24, 2026
Latest:
Latest

पाक के भारतीय उच्चायोग में काम करने वाले लापता दो भारतीय अधिकारी ISI की हिरासत में : सूत्र

नई दिल्ली। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के साथ काम करने वाले दो भारतीय अधिकारी लापता हो गए हैं। हालांकि, अभी तक उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है।

सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि सुबह करीब 8 बजे से उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। भारतीय अधिकारियों का कहना है कि वे इस बारे में और ज्यादा जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।

भारत सरकार ने पाकिस्तान सरकार से इस घटनाक्रम के बाद चिंता जाहिर की है। मगर, अब बताया जा रहा है कि वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई की हिरासत में हैं।

बताते चलें कि जासूसी के आरोप में हाल ही में भारत ने पाकिस्तान के दो अधिकारियों को भारत से निकाल दिया था।इसके बाद से ही भारत और इस्लामाबाद के बीच तनावपूर्ण संबंध बने हुए थे।

इससे पहले भी भारतीय दूतावास के अधिकारियों का पीछा करते हुए आईएसआई के एजेंट का वीडियो सामने आ चुका है।

पाकिस्तान द्वारा अपने अधिकारियों की आक्रामक निगरानी के कारण भारतीय उच्चायोग को सामान्य कामकाज को फिर से शुरू करना मुश्किल हो रहा है।

भारत ने कहा कि पाकिस्तान के अधिकारियों के व्यवहार ने राजनयिक संबंधों पर वियना सम्मेलन का उल्लंघन किया है।

गौरतलब है कि चार जून को भारत के प्रभारी डी’अफेयर, गौरव अहलूवालिया का पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आईएसआई के एजेंट्स ने पीछा किया था।

उनके घर के बाहर कारों और बाइकों का जमावड़ा लगा रहता है। इनमें बैठे ISI के जासूस हर वक्त भारतीय राजनयिक और उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।

उसका एक वीडियो भी वायरल हुआ था। 8 मार्च को भारतीय उच्चायोग के फर्स्ट सेक्रेट्री की कार का आक्रामक तरीके से पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियों ने पीछा किया था।

उसी दिन नौसैनिक सलाहकार का भी पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियों ने पीछा किया। इसके अलावा भारतीय अफसरों को धमकी भरे गुमनाम फोन आते रहे हैं।

 

 

 

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम