Site icon Yashbharat.com

पाकिस्तान, उत्तर कोरिया से भी ज्यादा खतरनाक देश : पूर्व US सीनेटर

pak

वाशिंगटन। अमेरिका के पूर्व सीनेटर लैरी प्रेसलर ने पाकिस्तान को उत्तर कोरिया से भी ज्यादा खतरनाक बताया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के परमाणु हथियारों पर केंद्रीय नियंत्रण नहीं है जिससे इसके चोरी होने और बेचे जाने का खतरा है।

उन्होंने पाकिस्तान और उत्तर कोरिया दोनों को दुष्ट राष्ट्र बताया। प्रेसलर ने पाकिस्तान को आतंकी देश घोषित करने और उस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। पूर्व सीनेटर ने अमेरिका के खिलाफ पाकिस्तान के परमाणु हथियारों का इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई।

उन्होंने कहा कि इन हथियारों को पाकिस्तान के जनरल या कर्नल से कोई खरीद सकता है। इन्हें पाकिस्तान से बाहर दुनिया में कहीं भी ले जाया जा सकता है। इन हथियारों को आसानी से अमेरिका लाया जा सकता है। ठीक वैसे ही जैसे 20 या 30 लोगों ने आसानी से 9/11 आतंकी हमले को अंजाम दिया था।

उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि पाकिस्तान के परमाणु हथियार का इस्तेमाल भारत के खिलाफ नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और उत्तर कोरिया दोनों अमेरिका के हित के बारे में नहीं सोचते। पाकिस्तान आतंकियों को पनाह दे रहा है और उत्तर कोरिया अमेरिका के लिए खतरा है।

प्रेसलर अमेरिका के शीर्ष थिंक टैंक द हडसन इंस्टीट्यूट में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। प्रेसलर सीनेट के हथियार नियंत्रण उपसमिति के अध्यक्ष रहे हैं। 1990 में उन्होंने प्रेसलर संशोधन लागू किया था। इसके तहत पाकिस्तान को मदद और सैन्य साजोसामान बेचने पर रोक लगा दी गई थी।

Exit mobile version