Wednesday, May 6, 2026
Latest:
Latest

पाकिस्तानी हैकरों ने गृह राज्य मंत्री रेड्डीकी निजी वेबसाइट को बनाया निशाना, लिखे ये संदेश

नई दिल्ली । केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी. किशन रेड्डी की निजी वेबसाइट किशनरेड्डी डॉट कॉम को पाकिस्तानी हैकरों ने स्वतंत्रता दिवस के दिन हैक कर लिया। हैकरों ने उनकी वेबसाइट पर कश्मीर व पाकिस्तान संबंधी नारे लिखते हुए भारत सरकार को चेतावनी भी दी। रेड्डी के हैदराबाद स्थित दफ्तर ने मंगलवार को घटना की पुष्टि की।

हैक किए जाने के बाद रेड्डी की वेबसाइट आम लोगों के लिए अस्थायी रूप से अनुपलब्ध हो गई है। फिलहाल हैकिंग के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

निजी डाटा की नहीं हुई चोरी

घटना के जानकार अधिकारी ने दावा किया, ‘चूंकि पाकिस्तानी हैकरों ने निजी वेबसाइट को निशाना बनाया है, इसलिए इसका उद्देश्य आमलोगों के बीच सूचना का प्रसार करना हो सकता है। किसी महत्वपूर्ण सूचना, निजी पहचान की जानकारी या निजी डाटा की चोरी नहीं हुई है।’ अधिकारी ने यह भी दावा किया कि वेबसाइट में सरकार से जुड़ा कोई डाटा उपलब्ध नहीं था। वेबसाइट में केवल मंत्री से जुड़ी निजी जानकारियां और उनकी सार्वजनिक तथा राजनीतिक गतिविधियों की सूचनाएं उपलब्ध हैं।

बता दें कि पाकिस्तान हैकर्स का सहारा लेकर भारत में साइबर अटैक करता रहता है। पाकिस्तान के आइटी प्रोफेशनल भारत के सेलिब्रिटियों के ट्विटर अकाउंट को हैक करते रहते हैं। वहीं, देश के केंद्रीय गृह राज्य मंत्री की निजी वेबसाइट हैक करने का यह पहला मामला है।

आइबीएम शोधकर्ताओं के गिरोह का किया था भंडाफोड़

गौरतलब है कि पिछले महीने ही आइबीएम साइबर सुरक्षा शोधकर्ताओं ने ईरानी हैकरों के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया था। इस गिरोह से संबंधित डाटा और वीडियो भी पाए गए थे। अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनी आइबीएम की इंसिडेंट रिस्पांस इंटेलीजेंस सर्विसेज (IRES) के शोधकर्ताओं ने ‘आइटीजी18’ नामक ईरानी गिरोह के बारे में दुर्लभ जानकारी उजागर करने में सफलता पाई थी। इस गिरोह का संबंध अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के प्रचार अभियानों और दवा निर्माता कंपनियों को निशाना बनाए जाने से बताया गया था।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम