Site icon Yashbharat.com

पहले दिन 25 हजार बच्चों को लगाए गए एम आर के टीके

मीजल्स-रूबेला अभियान
जबलपुर । मीजल्स की रोकथाम और रूबेला पर नियंत्रण के उद्देश्य से आज से प्रारंभ हुए मीजल्स-रूबेला टीकाकरण अभियान के पहले दिन जिले भर में 24 हजार से अधिक बच्चों को एम आर के टीके लगाए गए। इनमें ग्रामीण क्षेत्र के 15 हजार 116 और शहरी क्षेत्र के 9 हजार 168 बच्चे शामिल थे । जिले में मीजल्स-रूबेला अभियान का शुभारंभ आज सुबह प्रेमनगर मदनमहल स्थित आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं को टीके लगाकर किया गया। इस अवसर पर जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मुरली अग्रवाल ने अभियान के प्रति जनजागरूकता पैदा करने के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए प्रचार रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
मीजल्स-रूबेला अभियान के तहत जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के नौ माह से 15 वर्ष तक की आयु के लगभग 7 लाख 50 हजार बच्चों को एमआर के टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के तहत पहले दो सप्ताह में जिले की सभी शासकीय एवं अशासकीय शालाओं के बच्चों को एम आर के टीके लगाए जाएंगे। इसके बाद आंगनबाड़ी केन्द्रें के बच्चों का टीकाकरण इस अभियान के तहत किया जायेगा । मीजल्स-रूबेला टीकाकरण अभियान के शुभारंभ के मौके पर आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रेमनगर में के.जी. की कक्षा से लेकर दसवीं तक के 339 बच्चों का टीकाकरण किया गया । साथ ही सभी बच्चों को मीजल्स-रूबेला टीकाकरण का प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया । टीकाकरण के बाद बच्चों व अभिभावकों ने प्रचार रथ के पास सेल्फी भी ली । उल्लेखनीय है अभियान के तहत श्रेष्ठ तीन सेल्फी को राज्य स्तर पर पुरस्कृत किया जायेगा ।
मीजल्स-रूबेला टीकाकरण अभियान के तहत बच्चों के टीकाकरण के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में कई दलों का गठन किया गया है । प्रत्येक दल में तीन-तीन सदस्य शामिल किये गये हैं । कलेक्टर श्रीमती छवि भारद्वाज ने भारत सरकार के निर्देशानुसार चलाये जा रहे इस अभियान की निगरानी के लिए अलग-अलग विभागों के दस अधिकारियों को भी नियुक्त किया है ।
मीजल्स-रूबेला अभियान में असहयोग करने वाले निजी स्कूलों की होगी मान्यता रद्दरू-
मीजल्स-रूबेला टीकाकरण अभिययान में निजी शासकीय शालाओं द्वारा सहयोग नहीं किये जाने की मिली शिकायतों पर कलेक्टर श्रीमती छवि भारद्वाज ने सख्त रूख अपनाते हुए ऐसी शैक्षणिक संस्थानों की मान्यता रद्द करने की कार्यवाही प्रारंभ करने के निर्देश दिये हैं । उन्होंने अभियान में सहयोग नहीं करने वाले निजी शैक्षणिक संस्थानों की सूची जिला शिक्षा अधिकारी को तुरंत उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं । ताकि उनकी मान्यता समाप्त करने की कार्यवाही की जा सके ।
मीजल्स-रूबेला अभियान के तहत बच्चों को टीके लगाने के कार्य में असहयोग करने वाले जिन निजी स्कूलों की मान्यता रद्द करने की कार्यवाही प्रारंभ करने के निर्देश दिये गये हैं उनमें एम.जी.एम. स्कूल रामपुर, लिटिल किंगडम स्कूल अधारताल, कॉसमास स्कूल गुप्तेश्वर, महर्षि विद्या मंदिर रामपुर शामिल हैं । इन स्कूलों में आज बच्चों को एम आर के टीके लगाने के लिए शिविर लगाये जाने थे । श्रीमती भारद्वाज ने बच्चों को टीके लगाने के इस अभियान में क्राइस्ट चर्च स्कूल द्वारा अपनाये जा रहे असहयोगात्मक रवैये की मिल रही शिकायतों को भी गंभीरता से लिया है । उन्होंने कहा कि यदि इस शाला द्वारा भी अभियान में अपेक्षित सहयोग नहीं दिया जाता है तो उसके विरूद्ध भी मान्यता समाप्त करने की कार्यवाही की जायेगी। क्राइस्ट चर्च स्कूल में मीजल्स-रूबेला अभियान के तय कैलेण्डर के मुताबिक कल 16 जनवरी को बच्चों को एम आर के टीके लगाये जायेंगे ।

Exit mobile version