Site icon Yashbharat.com

परिवार ने बहू ऐश्वर्या का सामान उनके मायके भिजवाया

27 12 2019 lalu daughter in law

पटना। लालू यादव एक तरफ जेल में हैं और दूसरी तरफ उनके घर में घमासान जारी है। बड़े अरमानों से जिसे घर की बड़ी बहू बनाकर लाए थे उसी से घर में विवाद होने लगे। इसके बाद अब आलम यह है कि कभी बहू एश्वर्या का साथ देने वाली राबड़ी देवी पर भी एश्वर्या ने आरोप लगा दिए। इसके बाद अब खबर है कि लालू यादव के परिवार ने गुरुवार देर शाम अपनी बहू ऐश्वर्या के घर से शादी के समय आए सारे सामान को उनके मायके भिजवा दिया। वहीं ऐश्वर्या के पिता चंद्रिका राय ने अपनी पुत्री को दिए गए किसी भी सामान को वापस लेने से इन्कार कर दिया है।

पूरे मामले में चंद्रिका राय ने बताया कि दो पिकअप वैन में सामान लेकर देर शाम कुछ पुलिस वाले उनके आवास पर पहुंचे। ये पुलिस वाले राबड़ी देवी के आवास पर रहते हैं। वे जबरन सामान को उतारना चाह रहे थे पर उन्हें रोका गया। कहा कि जिस पिकअप वैन में सामान आया है, हो सकता है उसमें अवैध सामान भी हों। राबड़ी देवी ने ऐश्वर्या के आभूषणों को अपने पास रख लिया है।

बता दें ऐश्वर्या ने पिछले दिनों अपनी सास व पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पर बाल खींच कर मारने-पीटने व प्रताड़ित करने का मुकदमा किया था। राबड़ी देवी की ओर से भी मुकदमा किया गया था।

हाल ही में परिवार न्यायालय ने ऐश्वर्या- तेजप्रताप मामले में तेजप्रताप को यह निर्देश दिया है कि वह प्रति माह 22 हजार रुपए का गुजारा भत्ता ऐश्वर्या को देंगे। गुरुवार को हुए हंगामे के बीच तेज प्रताप सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर सक्रिय थे। अपने इंस्टाग्राम पर किसी मॉल में शापिंग करते हुए अपनी तस्वीर डाली और लिखा कि यह मेरा स्टाइल है।
लालू प्रसाद की पुत्री व राज्यसभा सदस्य डॉ. मीसा भारती ने कहा कि ऐश्वर्या की मां पूर्णिमा राय ने सामान वापस करने की मांग की थी। उनके कहने पर ही सामान वापस किया गया। उन्हें तो यह बताना चाहिए कि कौन सा सामान वापस नहीं हुआ।

Exit mobile version