पत्नी ने फांसी लगाकर की खुदकुशी: SI पति ड्यूटी पर, बेटा घर पहुंचा तो फांसी पर दिखी मां
Crime: पत्नी ने फांसी लगाकर की खुदकुशी: SI पति ड्यूटी पर, बेटा घर पहुंचा तो फांसी पर मां दिखी। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से सुसाइड का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां महाराजपुरा थाना में पदस्थ सब इंस्पेक्टर शैलेन्द्र गुर्जर की पत्नी 40 वर्षीय मनीषा गुर्जर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। घटना डीडी नगर इलाके की है। बताया जा रहा है कि घटना के समय SI पति थाने पर था, जबकि मृतका का बेटा कॉलेज गया हुआ था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार जब बेटा कॉलेज से घर लौटा तो घर का दरवाजा खुला हुआ था, वहीं जब अंदर कमरे में देखा तो उसकी मां फांसी के फंदे पर लटक रही थी। यह नजारा देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई, उसने इसकी सूचना पड़ोसियों और पुलिस को दी। इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। पुलिस ने शव को डेड हाउस में रखवा दिया है। महिला के मायके पक्ष को सूचना दे दी है। वहीं आज बुधवार को महिला का पोस्टमार्टम होगा। महाराजपुरा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
22 साल हो गए हैं शादी को
मिली जानकारी के मुताबिक एसआई की शादी को 22 साल हो गए हैं। 19 साल का एक बेटा है जो एमिटी कॉलेज का छात्र है। इसके बाद भी पत्नी ने ऐसा कदम क्यों उठाया यह साफ नहीं हो सका है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। वहीं अब पुलिस मृतिका के मोबाइल से सबूत एकत्रित करने की कोशिश कर रही है। आखिर ऐसी क्या वजह रही होगी कि SI की पत्नी ने फांसी लगा ली, पुलिस के लिए जांच का विषय है।
मृतका का मायका मुरैना के जौरा का है। घटना की सूचना तत्काल मृतका के मायके पक्ष को दे दी गई थी। जब तक मायके पक्ष के लोग पहुंचे शव को डेड हाउस में रखवा दिया गया था। मायके पक्ष के लोगों ने अभी तक कोई आरोप नहीं लगाया है।