Site icon Yashbharat.com

नौ किलोमीटर दूर यहां मिली नाले में बहे दूसरे युवक की लाश

barish

जबलपुर। शीतलामाई कुचबंदिया मोहल्ला में बुधवार की शाम करीब 5 बजे तेज बारिश के बीच उफनाते नाले में बाइक सवार तीन युवक गिर गए। एक युवक गगन को तो तत्काल बाहर निकाल लिया गया पर पानी का बहाव तेज और नाला कवर्ड होने के कारण दो युवक बह गए।

होमगार्ड जवानों ने निकाला

घटना के करीब साढ़े तीन घंटे बाद आकाश वंशकार का शव चार किलोमीटर दूर नौदराब्रिज के नीचे मिला लेकिन तीसरे युवक गोलू वंशकार का कोई पता नहीं चल पाया। आज सुबह से होमगार्ड जवान और पुलिस द्वारा फिर से रैस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया तो गोलू का शव घटना स्थल से नौ किलोमीटर स्नेहनगर के पास लिंग रोड नाले में मिला। लाश की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में वंशकार मोहल्ले के लोग मौके पर जमा हो गए थे। शव को बाहर निकालकर आवश्यक कार्यवाही के उपरांत पीएम के लिए रवाना कर दिया गया।

इस तरह हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक सिद्घबाबा गोपाल होटल के पास रहने वाले अशोक वंशकार ने बताया कि उनका बेटा आकाश वंशकार अपने ममरे भाई पनागर निवासी गोलू वंशकार और गगन वंशकार के साथ शाम को घर आ रहा था। बाइक गगन चला रहा था जैसे ही गाड़ी पुलिया पर पहुंची तो तेज बहाव और बारिश के कारण अनियंत्रित होकर नाले में गिर गयी ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक के साथ गगन मौके पर फंस गया था जिसके कारण वह निकल आया गोलू और आकाश भी लगभग बाहर निकल आए थे लेकिन गोलू अनियंत्रित होकर दोबारा नाले में गिर गया। गोलू को बचाने के लिए आकाश ने हाथ बढ़ाया लेकिन वह भी गोलू के साथ तेज बहाव में बह गया। इस घटना से मौके पर लोगों की भीड़ लग गयी और पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी तथा तलाश का काम शुरू किया। तलाश के दौरान आकाश का शव नौदराब्रिज के पास मिला जबकि गोलू वंशकार का शव आज लिंक रोड स्नेहनगर के पास नाले में पाया गया। होमगार्ड के तेजीलाल, मुन्नालाल गुलाब सिंह, कोमल और एएसआई गोविंद शर्मा, के प्रयासों से गोलू वंशकार का शव बरामद जा सका।

दोनों मृतक आकाश और गोलू वंशकार मोहल्ले के रहने वाले बताए गए हैं। घटना की जानकारी लगने पर कांग्रेस नेता रमेश चौधरी लखन घनघोरिया, विनय सक्सेना, राजेश सोनकर, तेजकुमार भगत, डॉ रमाकांत रावत, लक्ष्मी बेन आदि भी मौके पर पहुंच गए थे और इन लोगों ने नगर निगम पर आरोप लगाया कि नगर निगम में एनएंडटी के नालों के नाम पर 374 करोड़ रुपए खर्च कर दिए लेकिन आज भी जगह जगह नाले खुले पड़े हैं जिसके कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं। इस मामले में नाला निर्माण करने वाली कंपनी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाना चाहिए।
जनता ने किया चकाजाम
आज सुबह जैसे ही गोलू की लाश मिलने की खबर मोहल्ले में लगी तो वंशकार समाज के लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने चकाजाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इन लोगों का कहना था कि मृतक के परिवारों को मुआवजा दिया जाए और राहत राशि भी उपलब्ध करायी जाए। प्रदर्शन की खबर लगते ही एसडीएम मौके पर पहुंचीं और उन्होंने दस दस हजार रुपए के चैक मृतकों के परिवारजनों को सौंपे तथा चार लाख रुपए आर्थिक सहायता दिए जाने की घोषणा भी की है।

Exit mobile version