नीमच में आरंभ हुआ देश का पहला हेलमेट बैंक
29 पंचायतों के सरपंचों को दिए पांच-पांच हेलमेट। पंचायतों से लेकर निशुल्क उपयोग कर सकेंगे ग्रामीण।
नीमच। देश का पहला हेलमेट जिले में 10 फरवरी से शुरू हो गया। यातायात और सड़क सुरक्षा सप्ताह के समापन के दौरान शुरुआत में 29 ग्राम पंचायतों को 5-5 हेलमेट मुहैया कराए गए हैं। इन पंचायतों सहित जिले की सभी 239 ग्राम पंचायतों को जल्द 20-20 हेलमेट मुहैया कराए जाएंगे। इनका उपयोग ग्रामीण जरूरत के मुताबिक निशुल्क कर सकेंगे।
पुलिस कंट्रोल रूम में यातायात और सड़क सुरक्षा सप्ताह का समापन हुआ। इस दौरान एसपी राकेश कुमार सगर ने हेलमेट बैंक की शुरुआत की। उन्होंने एडीएम विनय कुमार धोका, जिला पंचायत सीईओ कमलेश भार्गव, आरटीओ बरखा गौड़ और जिला विधिक सहायता अधिकारी शक्ति रावत की मौजूदगी में सरपंचों को हेलमेट भेंट किए। साथ ही इन्हें ग्रामीणों को निशुल्क मुहैया कराने की सीख दी।
ऐसे काम करेगा यह बैंक
जिले की 239 ग्राम पंचायतों तक 20-20 हेलमेट पहुंचाए जाएंगे। यातायात थाना प्रभारी और सूबेदार मोहन भर्रावत ने बताया कि हेलमेट को ग्राम पंचायत जरूरतमंदों को निशुल्क देगीस हेलमेट ले जाते समय संबंधित व्यक्ति को धरोहर राशि के रूप में 50 रुपए जमा कराना होंगे, जो हेलमेट लौटाने पर वापस कर दिए जाएंगे।
सहयोग से व्यवस्था
हेलमेट बैंक के लिए नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार ने दो लाख रुपए देने की घोषणा की है। इस राशि से हेलमेट खरीदे जाएंगे। बाकी हेलमेट भी अन्य लोगों के सहयोग से खरीदे जाएंगे।
समापन पर सम्मान भी
30वें यातायात सप्ताह के समापन के मौके पर सक्रिय भागीदारी को लेकर सम्मान किया गया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए। एक महिला का आभूषण से भरा बैग लौटाने तथा ईमानदारी की मिसाल पेश करने वाले दो ऑटो चालकों का सम्मान किया गया। चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
यह होगा लाभ
- ग्रामीणों में हेलमेट के उपयोग की आदत को बढ़ावा मिलेगा।
महल के बीच से गुजरती नदी में कई दशक से खड़ा है जलमहल
यह भी पढ़ें
- बाइक सवार सिर की चोट से बच सकेंगे।
- सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत के आंकड़े में कमी आएगी।
- यातायात नियमों के पालन के प्रति लोग अधिक जागरूक होंगे।
इनका कहना है
हमने ग्राम पंचायतों के माध्यम से हेलमेट बैंक की शुरुआत की है। बाइक सवार यहां से हेलमेट लेकर निशुल्क इनका उपयोग कर सकेंगे। जल्द ही जिले की सभी ग्राम पंचायतों को हेलमेट मुहैया करा दिए जाएंगे।

