Site icon Yashbharat.com

नीति आयोग की बैठक शुरू, तय होगा ‘न्यू इंडिया 2022’ का एजेंडा

niti aayog pm modi 17 06 2018

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज यानी रविवार 17 जून को नीति आयोग की चौथी बैठक शुरू हो चुकी है। ये बैठक राष्ट्रपति भवन में आयोजित की गई है। दो दिन चलने वाली इस बैठक में शामिल होने के लिए गृहमंत्री राजनाथ सिंह, मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान, कर्नाटक के सीएम एचडी कुमारस्वामी और पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह पहुंच चुके हैं।

आपको बता दें कि इस बैठक में राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्र शासित प्रदेशों के उप राज्यपाल और कैबिनेट मंत्री हिस्सा लेंगे। इस दौरान तमाम मुख्यमंत्रियों को ‘न्यू इंडिया 2022’ का एजेंडा दिया जाएगा और उस पर काम करने की रणनीति भी बताई जाएगी। प्रधानमंत्री नीति आयोग की गवर्निग कांउसिल के अध्यक्ष हैं और सभी राज्यों के मुख्यमंत्री इसके सदस्य हैं। केंद्रीय गृह मंत्री और वित्त मंत्री सहित महत्वपूर्ण मंत्रालयों के मंत्री भी इसमें बतौर सदस्य शामिल हैं। गवर्निग काउंसिल की अब तक तीन बैठकें हो चुकी हैं, अंतिम बैठक पिछले साल अप्रैल में हुई थी।

 पीएम मोदी ने शनिवार को बैठक के बारे में जानकारी देते हुए ट्विटर पर लिखा, ‘ नीति आयोग की गवर्निंग काउन्सिल की रविवार को होने वाली चौथी बैठक का इंतजार है। विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित महत्वपूर्ण नीतियों को लागू करने पर बैठक में चर्चा की जाएगी।’

इस बैठक के दौरान देश की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारने पर मंथन किया जाएगा। सरकार अगस्त से ‘आयुष्मान भारत’ कार्यक्रम लांच करने की योजना बना रही है जिसकी घोषणा वित्त मंत्री अरुण जेटली ने एक फरवरी को पेश किए गए आम बजट में की थी। ‘आयुष्मान भारत’ के तहत 10 करोड़ परिवारों को सालाना पांच लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा कवर दिए जाने की व्यवस्था है। सूत्रों ने कहा कि गवर्निग काउंसिल की बैठक में इस योजना के क्रियान्वयन की रणनीति से लेकर इसके स्वरूप तथा फंडिंग पैटर्न पर चर्चा की जाएगी।

सूत्रों ने कहा कि काउंसिल की आगामी बैठक में देश के विकास के रणनीति पत्र और विजन दस्तावेज-2030 को अंतिम रूप दिया जाना है। वहीं किसानों की स्थिति और खेती की दशा पर भी बैठक में चर्चा की जाएगा। उल्लेखनीय है कि मोदी सरकार ने सत्ता में आने के बाद नेहरु युगीन योजना आयोग को खत्म कर एक जनवरी 2015 को नीति आयोग के गठन का एलान किया था। आयोग की गवर्निग काउंसिल की पहली बैठक आठ फरवरी 2015 को हुई थी। इसके बाद 15 जुलाई 2015 को गवर्निग काउंसिल की दूसरी बैठक हुई थी। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री ने देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर ‘न्यू इंडिया’ बनाने का आह्वान किया है।

नीति आयोग परिषद में प्रमुख नीतियों को लागू करने पर चर्चा होगी : पीएम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि नीति आयोग की शासकीय परिषद की बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित प्रमुख नीतियों के लागू होने पर चर्चा की जाएगी। यह बैठक रविवार को होने जा रही है।शनिवार को प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया है, ‘रविवार को होने जा रही नीति आयोग की शासकीय परिषद की चौथी बैठक पर ध्यान है। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित प्रमुख नीतियों के लागू होने पर चर्चा की जाएगी।

‘एक दिन पहले शुक्रवार को जारी सरकारी बयान में कहा गया था कि किसानों की आय दोगुनी करने के लिए कदम उठाने और ध्वज वाहक योजना की प्रगति सहित कई मुद्दों पर चर्चा होगी। बैठक में न्यू इंडिया 2022 के लिए विकास एजेंडे को मंजूरी मिलने की उम्मीद है।नीति आयोग की शीर्ष निकाय शासकीय परिषद में सभी राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल, कई केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी शामिल हैं।

केजरीवाल का नीति आयोग की बैठक में जाने पर संशय

राजनिवास में धरना दे रहे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के रविवार को उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के साथ बाहर आने की अटकलें लगाई जा रही हैं। दरअसल रविवार को नीति आयोग में बैठक होनी है। इस बैठक के लिए मुख्यमंत्री को न्योता भेजा गया है।

बैठक के दौरान दिल्ली से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा होनी है। हालांकि यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मुख्यमंत्री एलजी ऑफिस को छोड़ेंगे या नहीं। आम आदमी पार्टी के नेताओं का कहना है कि यदि मुख्यमंत्री बैठक के लिए राजनिवास से बाहर आते हैं तो धरना कमजोर हो सकता है। राजनिवास में बैठे रहने से पार्टी का विरोध-प्रदर्शन मजबूत होगा। वहीं पार्टी के दूसरे पक्ष का कहना है कि मुख्यमंत्री बाहर आएंगे। वह बैठक में हिस्सा लेने के बाद गैर-राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से मुलाकात कर भविष्य की रणनीति तय करेंगे।

Exit mobile version