निकाय और पंचायत चुनाव की मतगणना, कुछ देर में आएंगे परिणाम

भोपाल। 23 नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायतराज संस्थाओं के लिए 17 जनवरी को हुए चुनाव के नतीजे शनिवार को आएंगे। मतगणना सुबह नौ बजे से शुरू होगी। निकाय चुनाव इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन से होने की वजह से 12 बजे तक चुनावी तस्वीर साफ हो सकती है। इन चुनावों में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे का मुकाबला बताया जा रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतगणना के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

राघोगढ़ नगर परिषद के चुनाव में जिस तरह से तनाव की स्थिति निर्मित हुई थी, उसे देखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा के विशेष बंदोबस्त किए हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त आर परशुराम ने बताया कि मतगणना के लिए सभी तैयारियां की जा चुकी हैं।

19 निकायों नगर पालिका धार, मनावर और पीथमपुर के साथ नगर परिषद सरदारपुर, राजगढ़, धरमपुरी, धामनोद, कुक्षी और डही, बड़वानी जिले में नगर पालिका बड़वानी, सेंधवा के साथ नगर परिषद पानसेमल, खेतिया, पलसूद, अंजड़ और राजपुर में आम चुनाव कराए गए हैं। इसके साथ ही खंडवा की ओंकारेश्वर, गुना की राघौगढ़ विजयपुर और अनूपपुर की जैतहरी नगर परिषद में आम चुनाव हुए हैं।

जबकि, भिंड की नगर परिषद अकोड़ा, देवास की नगर परिषद करनावद और राजगढ़ की नगर परिषद खिलचीपुर में अध्यक्ष को पद से वापस बुलाने के लिए 17 जनवरी को मतदान हुआ था। रीवा की नगर परिषद सेमरिया के अध्यक्ष को पद से वापस बुलाने के लिए मतदान की मतगणना नहीं होगी। आयोग के अधिकारियों ने बताया कि अदालत के आदेश पर मतगणना रोकी गई है। इसके अलावा पार्षद, 7 हजार 35 पंच, 168 सरपंच, 17 जनपद और 3 जिला पंचायत सदस्यों के लिए हुए मतदान की मतगणना भी सुबह नौ बजे से होगी।

Exit mobile version