नागपुर लूटकांड का एमपी कनेक्शन: बालाघाट के खेत में पैरे के ढेर से मिलीं नोटों से भरी तीन बोरियां, 4 करोड़ से अधिक की नकदी बरामद
बालाघाट/नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में पांच दिन पहले हुई बड़ी लूट की वारदात के तार मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से जुड़ गए हैं। मामले की जांच कर रही नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम ने मंगलवार सुबह आरोपी की निशानदेही पर बालाघाट जिले की वारासिवनी तहसील अंतर्गत ग्राम डोरली में दबिश दी, जहाँ से लूट की भारी-भरकम रकम बरामद की गई है।
खेत में पैरे के नीचे छिपाकर रखी थी नकदी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी करीब चार दिन पहले बालाघाट के ग्राम डोरली पहुंचा था। उसने यहाँ अपने एक परिचित के खेत में सूखे पैरे (पुआल) के ढेर के नीचे तीन बोरियों में नकदी भरकर छिपा दी थी, ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके।
शुरुआती जांच में 4 करोड़ से ज्यादा की रकम होने का अनुमान
मंगलवार सुबह आरोपी को साथ लेकर ग्राम डोरली पहुंची नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम ने खेत में दबिश देकर पैरे के ढेर से नकदी से भरी तीनों बोरियां बरामद कर लीं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, बरामद की गई कुल रकम 4 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस द्वारा नोटों की गिनती और मामले से जुड़े अन्य आरोपियों व परिचित की भूमिका की जांच की जा रही है।











