नहीं मिला न्यौता तो AAP ने कहा-हमारे 40 हजार करोड़ लौटाओ
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली मेट्रो के नवनिर्मित मैजेंटा लाइन खंड के उद्घाटन का हिस्सा नहीं बनेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मैजेंटा लाइन मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर इसका उद्घाटन करेंगे। सरकारी अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के लिए दिल्ली सरकार को कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। वहीं केजरीवाल को न बुलाए जाने पर आम आदमी पार्टी ने नाराजगी ज़ाहिर की है।
‘आप’ नेताओं ने मोदी के सामने दिल्ली सरकार का 50 प्रतिशत हिस्सा लौटने की मांग भी रख दी है। आप नेता संजय सिंह का कहना है कि ‘राजनीतिक विरोध की वजह से इतनी नफरत बढ़ गयी है कि प्रधानमंत्री एक चुने हुए मुख्यमंत्री के संग बैठना पसंद नहीं कर रहे हैं।
इससे पहले जब फरीदाबाद से जब मेट्रो का उद्घाटन हुआ था, तब भी केजरीवाल को नहीं बुलाया गया था।’ उधर दिल्ली में आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने एक कदम आगे बढ़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने अजीब मांग रख दी है। सौरभ का कहना है कि ‘फेज 3 में 46 हजार करोड़ खर्च हुए हैं और उसमें से केंद्र सरकार ने महज़ 460 करोड़ खर्च किए हैं। प्रधानमंत्री मोदी को तमाम हिस्सेदारों का 40 हजार करोड़ रुपए लौटा दें और ख़ुद उदघाटन करें।
पीएम मोदी को फेज 1 और फेज 2 का खर्च भी लौटा दें ताकि पुराने तमाम स्टेशन का उदघाटन भी केंद्र सरकार खुद कर सके’। तीसरे फेज़ में मेजेंटा लाइन जनकपुरी वेस्ट से नोएडा के बॉटनिकल गार्डन के बीच चलेगी लेकिन शुरुआत में ये कालकाजी मंदिर से बॉटनिकल गार्डन के बीच चलाई जा रही है। नई लाइन का उदघाटन कार्यक्रम नोएडा में रखा गया है जहां पीएम मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंच रहे हैं।