Site icon Yashbharat.com

नर्स से किया दुष्कर्म, डॉक्टर ने पत्नी की मदद से जबरन कराया गर्भपात

girl

भोपाल। राजधानी के शाहपुरा स्थित लाहोटी अस्पताल के संचालक लाहोटी दंपती को अपने अस्पताल की नर्स के साथ दुष्कर्म और उसका जबरन गर्भपात कराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। डॉ. कपिल लाहोटी ने मामले की दबाने के लिए नर्स से मंदिर में शादी करने का नाटक भी किया था।

शाहपुरा पुलिस के मुताबिक डॉ. कपिल लाहोटी और उनकी पत्नी सीमा लाहोटी डेंटल सर्जन हैं। उनका शाहपुरा में लाहोटी अस्पताल है। कोलार रोड क्षेत्र में रहने वाली 32 वर्षीय युवती ने 5 माह पहले लाहोटी अस्पताल में नर्स का काम शुरू किया था।

नर्स ने शिकायत में बताया कि चार माह पहले अस्पताल संचालक डॉ.कपिल ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया था। साथ ही कहा कि घटना के बारे में किसी को कुछ बताया तो वह उसे जान से मरवा देंगे। इसके बाद जब भी मौका मिलता डॉ.लाहोटी उसके साथ दुष्कर्म करते थे।

डर के कारण शादी का नाटक

दुष्कर्म के कारण नर्स गर्भवती हो गई। इस बात का पता चलने पर भयभीत डॉक्टर कपिल लाहोटी ने नर्स को बताया कि उसका पत्नी से तलाक हो चुका है। साथ ही भरोसा जताने के लिए लाहोटी ने 13 सितंबर-2018 को 10 नंबर मार्केट स्थित आर्य समाज मंदिर में नर्स के साथ शादी कर ली।

लेकिन नर्स को पता चला कि डॉ.लाहोटी का पत्नी से तलाक नहीं हुआ है। इस बारे में नर्स ने जब डॉक्टर से सवाल किया, तो लाहोटी दंपती उसे धमकाने लगे। साथ ही गर्भपात करने के लिए दबाव बनाने लगे। वे लोग उसे लेकर कोलार रोड स्थित एक अस्पताल भी ले गए, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने गर्भपात कराने से मना कर दिया।

घर में घुसकर जबरन खिलाई गर्भपात की दवा

मूलत: केरल की रहने वाली पीड़िता के मुताबिक 9 अक्टूबर-18 को लाहोटी दंपती जबरन उसके कोलार रोड स्थित घर में घुस गए। मारपीट करते हुए गर्भपात कराने के लिए दबाव बनाया। मना करने पर दोनों ने उसे गर्भपात कराने की टेबलेट जबरदस्ती खिला दी।

इसके चलते उसका ढाई माह का गर्भ गिर गया और रक्तस्राव शुरू हो गया। हालत बिगड़ने पर लाहोटी दंपती पहले उसे शाहपुरा स्थित अपने अस्पताल ले आए। लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर दो दिन बाद उसे एक अन्य निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। वहां से एक दिन बाद उसे छुट्टी दी गई। नर्स की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित डॉ. कपिल लाहोटी और उनकी पत्नी सीमा लाहोटी को गिरफ्तार कर लिया है।

Exit mobile version