Site icon Yashbharat.com

दूसरे धर्म की लड़की से प्यार में गई यू-ट्यूबर अंकित की जान, राजनीति शुरू

murder

नई दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के ख्याला इलाके में अंकित सक्सेना की बर्बर हत्या के बाद तनाव का माहौल है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में अर्धसैनिक बल तैनाती कर दिए गए हैं। अंकित दूसरे धर्म की एक युवती से प्रेम करता था, लेकिन युवती के परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे।

पेशे से फोटोग्राफर और यूट्यूब चैनल चलाने वाले 23 साल का अंकित घर के पास रहने वाली दूसरे धर्म की लड़की से प्यार करता था। लड़की के परिवार वालों ने अंकित को उससे दूर रहने की धमकी भी दी। मगर, अंकित ने लड़की से रिश्ता तोड़ने से इंकार कर दिया था। आरोप है कि इसी के चलते अंकित की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई।

पुलिस ने इस हत्या के आरोप में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें से एक नाबालिग है। शनिवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दो आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है जबकि एक किशोर आरोपी को बाल सुधार गृह भेजा गया है।

चाकू से किया हमला

गुरुवार को अंकित सक्सेना रात करीब 8 बजे स्कूटी से रघुवीर नगर अपने घर जा रहा था। तभी रास्ते में 4 लोगों ने अंकित सक्सेना पर चाकुओं से हमला कर दिया। अंकित को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को पकड़ कर उसी समय पुलिस के हवाले कर दिया।

उधर, पुलिस ने अंकित की हत्या के बाद लड़की का बयान लिया, जिसमें उसने दावा किया कि वह अंकित से शादी करना चाहती थी। उसने अपने घरवालों पर अंकित की हत्या का आरोप लगाया और अपने ही परिवार से अपनी जान को भी खतरा बताया है।

राजनीति शुरू हो गई

वहीं इस मामले में राजनीति शुरू हो गई है। भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में ऐसी घटनाएं देखना दुखद है। इस मामले में मुख्यमंत्री और कई एनजीओ की चुप्पी संकेत देती है कि ये लोग किसी मुद्दे पर तभी बोलते हैं जब वह उनके राजनीतिक हित में होता है।

प्रदेश भाजपा ने मांग की है कि केजरीवाल सरकार ने अन्य मामलों में जिस तरह एक करोड़ रुपए की सहायता राशि घोषित की है, उसी तरह अंकित के परिजन के लिए सहायता राशि घोषित करें। अंकित के मामा ने कहा कि उन्हें कानून पर पूरा भरोसा है, इंसाफ जरूर मिलेगा। उन्होंने कहा कि हत्या के दोषियों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए।

Exit mobile version