भोपाल। विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों के चयन पर अंतिम मुहर लगाने बुधवार से तीन दिन तक केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी। इसमें मध्यप्रदेश सहित छत्तीसगढ़, राजस्थान और मिजोरम के प्रत्याशियों पर फैसला होना है।
दिल्ली में कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में शामिल होने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह रवाना हो गए हैं। नाथ विशेष विमान से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ गए तो अजय सिंह शताब्दी एक्सप्रेस से दिल्ली रवाना हुए हैं।
केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक राहुल गांधी की अध्यक्षता में होगी। सूत्रों के मुताबिक बैठक में मध्यप्रदेश के प्रत्याशियों पर चर्चा होने की संभावना कम है। बुधवार को छत्तीसगढ़ के प्रत्याशियों की पहली सूची पर चर्चा होने के संकेत हैं।
इसके बाद समय बचने पर मध्यप्रदेश के प्रत्याशियों को लेकर भी चर्चा हो सकती है। इसमें सिंगल नाम के पैनल को रखा जाएगा, जिसमें 70 से 80 सीटें शामिल हैं। माना जा रहा है कि केंद्रीय चुनाव समिति में सिंगल नाम के पैनल को फाइनल करने के बाद भी सूची को कुछ दिन रोककर घोषित किया जा सकता है।

