नई दिल्ली। एशिया का सबसे बड़ा दिल्ली ऑटो एक्सपो 2018 शुक्रवार से राजधानी के प्रगति मैदान में शुरू होने जा रहा है। इस बार का ऑटो एक्सपो कई मायनों में खास होगा। जहां एक तरफ इसमें ढेर सारी नई कारें और बाइक्स पेश होंगे वहीं इलेक्ट्रिक व्हीकल्स भी पेश होंगे।
करीब दो वर्षो की सुस्ती के बाद भारतीय कार व बाइक बाजार एक बड़ी तेजी के मुहाने पर तैयार है। आर्थिक विकास दर में सुधार की आस में माना जा रहा है कि कम से कम अगले दो वर्षो तक देश में समूचे आटोमोबाइल क्षेत्र की बिक्री नया रिकॉर्ड बनाएगी। ऐसे में 9 फरवरी को ग्रेटर नोएडा में शुरू हो रहे एशिया के सबसे बड़े ऑटो एक्सपो-2018 के लिए देशी-विदेशी दर्जनों कंपनियां खास तैयारी करके आ रही हैं।
इस प्रदर्शनी में कम से कम सौ ऐसे वाहनों का प्रदर्शन होगा जिन्हें पहले भारत में नहीं देखा गया था। कार निर्माता कंपनियों की तरफ से एक दर्जन एसयूवी और कम से कम दो दर्जन इलेक्ट्रिक वाहन पेश किए जाएंगे।वहीं दोपहिया वाहन कंपनियों की तैयारी भी कम नहीं है। जापान की दोपहिया वाहन कंपनी होंडा पहली बार 11 ऐसे वाहन पेश करने जा रही है जिसे वह आने वाले दिनों में भारतीय ग्राहकों के बीच बेचना चाहती है। कंपनी के लिए भारत दुनिया का सबसे बड़ा बाजार बन चुका है।
होंडा की प्रतिस्पर्धी और भारत की नंबर वन दोपहिया कंपनी हीरो की तैयारी भी कम नहीं है। हीरो मोटोकार्प के ब्रांड एंबेसडर रणवीर कपूर कंपनी की बहुप्रतीक्षित एक्स्ट्रीम 200R घरेलू बाजार में लांच करेंगे। इसके अलावा कंपनी तकरीबन दर्जन भर नए स्कूटर, रेसिंग बाइक और लाइफस्टाइल बाइक भी पहली बार उतारेगी। इन्हें कंपनी अगले दो वर्षो के दौरान बाजार में एक के बाद एक करके लांच करने की मंशा रखती है। हीरो और होंडा दोनों की तरफ से कुछ इलेक्ट्रिक बाइकों के साथ खासतौर पर भारतीय बाजार के लिए तैयार की जा रही रेसिंग बाइकों पर सभी की नजर होगी।
कार बाजार में अभी तक कार कंपनियों की जो तैयारियां हैं, उससे साफ है कि इलेक्ट्रिक वाहनों का ही ज्यादा जोर होगा। इसके बावजूद संकेत इस बात के हैं कि ऑटो एक्सपो के बाद एसयूवी बाजार में अभी और जबर्दस्त मुकाबला शुरू होगा। मारुति सुजुकी, हुंडई और टाटा मोटर्स अगले दो वर्षो में छह नए एसयूवी उतारने की तैयारी में है।
ये तीनों कंपनियां अपने उत्पादों को पहली बार पेश करेंगी। मारुति सुजुकी की तरफ से 18 नए वाहन इस बार प्रदर्शित किए जाएंगे। इसमें कंपनी की मौजूदा तीन बेहद प्रसिद्ध कारों आर्टिगा, रिट्ज और स्विफ्ट को नए रंग रूप में पेश किया जा रहा है। इस महीने से बिक्री के लिए उतारी जाने वाली डिजायर भी इसी एक्सपो में पहली बार ग्राहकों के सामने पेश होगी।
हुंडई की तरफ से 15 नए वाहन एक्सपो में प्रदर्शित किए जाएंगे। साथ ही कंपनी की तरफ से भारत के लिए नई निवेश व उत्पाद नीति का भी एलान किया जाएगा। टाटा मोटर्स छह इलेक्ट्रिक कारों के साथ ही इस वर्ष के अंत में उतारी जाने वाली नई एसयूवी पहली बार प्रदर्शित करेगी।
