Site icon Yashbharat.com

दिल्ली पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जानिए क्या हैं उनके कार्यक्रम

trump modi

नई दिल्ली, आगरा। एजेंसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दो दिवसीय दौरे पर भारत आए हैं। गुजरात के अहमदाबाद में ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद डोनाल्ड ट्रंप आगरा के ताज महल भी गए। वहीं, अब राष्ट्रपति ट्रंप अब देश की राजधानी दिल्ली पहुंच गए हैं। ट्रंप आईटीसी मौर्य होटल में विश्राम करेंगे।

मंगलवार सुबह साड़े दस बजे डोनाल्ड ट्रंप राजघाट पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे। सुबह 11 बजे हैदराबाद हाउस में डोनाल्ड ट्रंप प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात करेंगे। हैदराबाद हाउस में ही प्रेस बयान व समझौतों का आदान-प्रदान किया जाएगा। शाम 7:30 बजे डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति भवन में रामनाथ कोविंद द्वारा भव्य रात्रिभोज का आयोजन भी किया गया है। जिसके बाद ट्रंप रात दस बजे अमेरिका के लिए रवाना हो जाएंगे।

अमेरिकी राष्ट्रपति के लिए रखे गए खास रात्रिभोज में उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला और केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्यों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा, भोज में राज्यसभा और लोकसभा में विपक्ष के नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ताजमहल का दीदार करके दिल्‍ली पहुंचे। ताजमहल के विजिटर बुक में अपना संदेश लिखा,”ताजमहल हमें प्रेरित और चकित करता है। भारत के धनी और विविधतापू्र्ण संस्कृति का यह जीता जागता उदाहरण है। धन्यवाद भारत!’ इससे पहले हवाई अड्डे पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। इस दौरान ट्रंप के स्वागत में सैकड़ों कलाकारों ने ‘मयूर नृत्य’की प्रस्तुति दी। डोनाल्ड ट्रंप ने हिंदी में ट्वीट कर कहा ‘प्रथम महिला और मैं इस देश के हर नागरिक को एक संदेश देने के लिए प्रथम महिला और मैं दुनिया का 8000 मील का चक्कर लगा कर यहां आये हैं। अमेरिका, भारत से प्रेम करता है। अमेरिका भारत का सम्मान करता है। अमेरिका के लोग हमेशा भारत के लोगों के सच्चे और निष्ठावान दोस्त रहेंगे।’

योगी आदित्‍यनाथ ने भेंट किया ‘ताजमहल’ का एक बड़ा चित्र
आगरा एयरपोर्ट पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप को ताजमहल का एक बड़ा चित्र भेंट किया। इसके बाद डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया ट्रंप दिल्‍ली के लिए रवाना हो गए।

 

Exit mobile version