Site icon Yashbharat.com

दिल्ली के 10 लोगों को पुलिस ने दमोह से किया अरेस्‍ट

noada corona

दमोह।  सोमवार शाम कोतवाली पुलिस ने शहर के बिलवारी मोहल्ला में सलीम खान नाम के युवक के घर से मुखबिर की सूचना पर 10 ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया है जो यूपी और दिल्ली के हैं और सभी बिना सूचना के यहां छिपे हुए थे।

पुलिस की कार्रवाई के बाद इन लोगों को आश्रय देने वाले युवक सलीम खान का कहना है कि यह सभी लोग फरवरी में दमोह आए थे और यह सभी बैग बेचने का काम करते हैं, लेकिन मार्च में अचानक लॉक डाउन होने के कारण यह सभी यही फंसकर रह गए।

यहां गौर करने वाली बात यह है कि जिस मकान में यह सभी लोग रह रहे थे उस मकान के मालिक ने ना तो जिला प्रशासन को इसकी सूचना दी थी और ना ही पुलिस प्रशासन को इसकी सूचना दी थी इसलिए पुलिस ने इन सभी 10 लोगों के अतिरिक्त मकान मालिक सलीम खान के खिलाफ भी धारा 188 आपदा अधिनियम की धारा 51 और जानकारी छिपाने से संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।

कोतवाली टीआई एचआर पांडे से मिली जानकारी के अनुसार अभी तक इन लोगों के बारे में जो जानकारी प्राप्त हुई है उसके तहत 8 लोग यूपी के शामली जिले के हैं एक व्यक्ति यूपी के मुजफ्फराबाद का है और एक दिल्ली के लोनी का बताया जा रहा है।

टीआई श्री पांडे का कहना है जो लोग गिरफ्तार किए गए हैं उनका कहना है कि वह लॉक डाउन के कारण यहां फंसे हुए हैं, लेकिन क्योंकि इन्होंने अपनी जानकारी पुलिस व प्रशासन तक नहीं पहुंचाई इसलिए इन द्वारा दी जा रही जानकारी पर संदेह है और इसलिए इनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए इन सभी को कोरनटाइन सेंटर भेजा जा रहा है।

इनके दस्तावेजों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि यह वास्तव में फंसे हुए थे या हाल ही में दमोह पहुंचकर छिपे हुए थे।

एसपी हेमंत चौहान का कहना है कि मामला गंभीर है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग बिलवारी मोहल्ला में सलीम खान नाम के युवक के घर में छिपे हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी को पकड़ लिया है फिलहाल सभी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उनके द्वारा कही गई बात की सत्यता की जांच करने का प्रयास जारी है।

Exit mobile version