Site icon Yashbharat.com

दिग्विजय भोपाल आए अरुण यादव को मनाने बंगले पहुंचे, मीनाक्षी से की बात

images 75 1

भोपाल । विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा बनाई गई समन्वय समिति के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बुधवार की रात भोपाल पहुंचे। विमानतल पर उतरते ही उन्होंने नाराज चल रहे नेताओं से मेल-मुलाकात का सिलसिला शुरू करते हुए सीधे पीसीसी के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव के बंगले पहुंचे। वहीं, उन्होंने पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन से भी बात की है।

दिग्विजय सिंह की अध्यक्षता वाली समिति की गुरुवार को पीसीसी में बैठक है। सिंह ने रात को भोपाल पहुंचते ही समन्वय समिति के अध्यक्ष की भूमिका में काम करना शुरू कर दिया। मंगलवार की रात को समन्वय समिति के एक सदस्य राजेंद्र कुमार गौतम को लेकर मंदसौर जिला कांग्रेस में उपजे असंतोष के मद्देनजर उन्होंने सबसे पहले पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन से बात की और विमानतल पर पत्रकारों को बताया कि सब ठीक हो जाएगा।

विमानतल से दिग्विजय अपने बंगले के बजाय अरुण यादव के 45 बंगला स्थित सरकारी बंगले पर पहुंचे। वहां यादव और उनके समर्थक मौजूद थे। सिंह-यादव के बीच देर रात तक बातचीत हुई। सूत्र बताते हैं कि सिंह की नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह से भी मुलाकात होनी थी, लेकिन अजय सिंह को सतना जाना था और उनकी ट्रेन का समय हो जाने से दोनों की भेंट नहीं हो सकी।

26 को विश्वासघात दिवस मनाएगी कांग्रेस

मोदी सरकार के चार साल पूरे होने पर कांग्रेस 26 मई को जिला स्तर पर विश्वासघात दिवस मनाएगी। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस महामंत्री (प्रशासन) राजीव सिंह ने सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों को निर्देश भेजे हैं। प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी मानक अग्रवाल ने बताया कि इस दिन जिलों में प्रेसवार्ता लेकर केंद्र सरकार की कमियों को उजागर करेंगे। प्रमाण के रूप में जिला अध्यक्षों से फोटो और प्रकाशित खबरें भेजने को कहा गया है।

Exit mobile version