भोपाल। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में एक ऐसा वाकया सामने आया है जहां बारात लेकर जा रहे दूल्हे को इसलिए घोड़ी से उतार दिया गया कि वह दलित था. इतना ही नहीं बारात पर पथराव भी किया गया और उनसे मारपीट भी की गई.
घटना जिले के महिदपुर के पास ग्राम नाग गुराड़िया की है, जहां एक बरात को सवर्ण वर्ग के कुछ लोगों ने ट्रैक्टर अड़ाकर रोक दिया. और फिर दलित दूल्हे को घोड़ी से उतार दिया. इस दौरान बारात पर पथराव भी हुआ और कुछ लोगों से मारपीट की गई. इसके बाद काफी दूर तक पैदल जाने के बाद दूल्हा फिर घोड़ी पर सवार हुआ. बताया जा रहा है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन सौपंकर कार्रवाई की मांग की. इसके बाद पुलिस ने चार लोगो पर मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है.
बारात ले जा रहे दूल्हे के पिता सीताराम चौहान ने बताया कि रात 10 बजे ग्राम नाग गुराड़िया में बारात निकाली जा रही थी. तभी सवर्ण वर्ग के कुछ लोगों ने पथराव कर मारपीट शुरू कर दी. बारात के आगे ट्रैक्टर खड़ा कर दिया और जातिसूचक शब्द कहते हुए दूल्हे संजय को घोड़ी से उतार दिया. काफी समझाने के बाद उन्होंने कहा यहां से पैदल ही जाना होगा. हमारे सामने घोड़ी पर नहीं बैठ सकते.
पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि डायल 100 को फोन करने के दो घंटे बाद पुलिस पहुंची. फिर भी हमारी सुनवाई न करते हुए दबाव बनाया गया. इसके बाद हम सभी थाने पर भी गए तो वहां भी सुनवाई नहीं हुई. फिर महिदपुर एसडीएम जगदीश गोमे से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा. एसडीएम गोमे ने मामले में जांच कर दोषी पाए जाने पर अधिकारियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया.

