दक्षिण कोरिया में बिना लॉकडाउन एक महिला के जज्बे से हार गया कोरोना, जनिये क्या किया
Anubhav Shukla
द कोरिया। कोरोना वायरस ने चीन के बाद सबसे पहले अगर किसी देश को प्रभावित किया तो वह था दक्षिण कोरिया। इस देश में अब तक 9 हजार से ज्यादा लोग इस वायरस से संक्रमित हो चुके हैं और 139 लोगों की जान जा चुकी है।
मगर कोरोना का जो विकराल रूप मार्च की शुरुआत में था, वैसा भयावह रूप अब देखने को नहीं मिल रहा है। कारण एक महिला के नेतृत्व वाली टीम का अथक प्रयास और कोरोना को हराने का जज्बा। कोरिया के रोग नियंत्रण एवं निवारण केंद्र (सीडीसी) की प्रमुख जंग इयुन-केयोंग। इनके दम पर ही आज कोरिया ने कोरोना पर काफी हद तक काबू पा लिया है।
इसी महीने 3 मार्च को जहां एक दिन में 851 मामले सामने आए थे, वहीं 23 मार्च को यह घटकर 64 तक पहुंच गए। कोरोना से जंग जीतने में सीडीसी प्रमुख जंग ने दिन-रात एक कर दिए। हफ्तों तक घर नहीं गईं। आराम भी बमुश्किल ही किया और जीतकर ही दम लिया।
खास बात यह रही कि उन्होंने देश को लॉकडाउन नहीं किया बल्कि कोरोना वायरस का पीछा कर उसे खत्म किया। कोरिया में वायरस के संक्रमण का प्रमुख केंद्र गुप्त धार्मिक पंथ रहा, जहां शामिल होने वाले भक्तों में यह वायरस तेजी से फैला।
जंग ने इनके साथ अनुबंध कर सभी 2,12,000 सदस्यों की जानकारी हासिल की और सभी की ढूंढ-ढूंढकर जांच की।
कोई लॉकडाउन नहीं
स्वास्थ्य प्रशासन की सजगता रंग लाई
चीन के बाद दक्षिण कोरिया पहला ऐसा देश था, जहां कोरोना वायरस बहुत तेजी से फैला।
इसके बावजूद कोरिया में शहरों को लॉकडाउन नहीं किया गया और न ही कार्यालय बंद किए गए। स्कूल भी अप्रैल में खुलने वाले हैं।
मगर कोरिया के स्वास्थ्य प्रशासन ने अमेरिका, ब्रिटेन की तुलना में ज्यादा तेजी से कदम उठाया और ज्यादा से ज्यादा लोगों की जांच की। उनका पूरा फोकस टेस्टिंग आपरेशन पर ही रहा।