Site icon Yashbharat.com

थाने में फिर सोते मिले पुलिसवाले, फरियादी से बोले- बाद में आना

28 10 2018 police 18579489 22813

इंदौर। कनाड़िया थाने में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी सुबह-सुबह ही आराम से खर्राटे ले रहे थे। एक युवक चोरी की रिपोर्ट लिखवाने थाने पहुंचा तो पुलिसकर्मियों ने उसे यह कहकर रवाना कर दिया कि बाद में आना, अभी सोने दे। इस पर युवक ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर पुलिसकर्मियों का वीडियो बनाया और वायरल कर दिया।

वाकया शुक्रवार सुबह 8 बजे का है। कंपेल निवासी 20 वर्षीय अंकित कमल गोंदसाले अपने दोस्तों के साथ चोरी की रिपोर्ट लिखवाने थाने गया था। अंकित के मुताबिक थाने का चैनल गेट लगा हुआ था। उसे लगा कि अभी थाना खुलने में समय है। कुछ देर बाद वह गेट खोल अंदर गया तो एक पुलिसकर्मी टेबल पर खर्राटे ले रहा था। दूसरा उसके पास गद्दा बिछाकर सो रहा था। अंकित ने टेबल पर सो रहे पुलिसकर्मी से कहा कि चोरी की रिपोर्ट लिखवानी है। इस पर आंख मलते हुए पुलिससकर्मी ने कहा कि साढ़े नौ बजे आना, अभी सोने दे।

दूसरा पुलिसकर्मी तो बात को अनसुना कर करवट बदलकर सो गया। अंकित और उसके दोस्तों ने पुलिसवालों के फोटो खींचे और वीडियो बना लिया। टेबल पर सोने वाला हेड कांस्टेबल बेदराम चौधरी और दूसरा सिपाही नागेंद्रसिंह भदौरिया था। भदौरिया ने युवकों को वीडियो बनाते हुए देख लिया। वह उठा और शर्ट पहनने लगा और युवकों को समझाते हुए कहा कि अभी साहब नहीं है।

युवक के घर से जेवर व रुपए चुराकर ले गए थे चोर

अंकित के मुताबिक वह ई-कॉमर्स वेबसाइट में स्टोर मैनेजर है और कनाड़िया क्षेत्र में गायत्री मंदिर के पास किराए से रहता है। वह गुरुवार को सोनाली के साथ देवास स्थित ससुराल गया था। सुबह पड़ोसी अरुण मालवीय ने कॉल कर बताया कि घर में चोरी हो गई है। चोर उसके घर से 50 हजार रुपए और डेढ़ लाख के जेवर ले गए। चोरों ने दो अन्य मकानों ने भी सेंध लगाई थी।

अंकित के मुताबिक बाद में वह सुबह 9.30 बजे दोबारा थाने पहुंचा तो उसे 45 मिनट बैठाकर रखा। जबकि पुलिसकर्मियों का वीडियो वायरल हो चुका था। बात अफसरों तक पहुंचने के बाद चार पुलिसकर्मियों को भेजा गया। रिपोर्ट लिखने में भी आनाकानी की। उससे कहा कि चोरी हुई ज्वेलरी का बिल पेश करने पर ही रिपोर्ट लिखी जाएगी।

एक महीने पहले एसपी ने भी थाने में सोते पकड़े थे पुलिसकर्मी

17 जून को एसपी (पूर्वी) मो. यूसुफ कुरैशी ने संयोगितागंज थाने के प्रधान आरक्षक राधेश्याम त्रिपाठी और विजय नगर थाने में एएसआई अमरसिंह राजपूत को सोते हुए पकड़ा था। त्रिपाठी तो पतलून उतारकर टीआई के कैबिन में सो रहे थे।

जांच के बाद की जाएगी कार्रवाई

थाने में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के सोने की जानकारी मिली है। मामले की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

-मो. यूसुफ कुरैशी, एसपी (पूर्वी)

Exit mobile version