तेलंगाना में 3 जून तक लॉक डाउन बढ़ाने का संकेत, UP में भी बढ़ेगी अवधि

नई दिल्ली. देश में 21 दिन का लॉकडाउन 14 अप्रैल को खत्म हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को केंद्रीय मंत्रियों से लॉकडाउन के बाद के एक्शन प्लान को तैयार करने के निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री ने संकेत दिए हैं कि लॉकडाउन को धीरे-धीरे खत्म किया जाएगा।

इस बीच, तेलंगाना के सीएम के चंद्रशेखर राव ने सुझाव दिया है कि राज्य में लॉकडाउन 14 अप्रैल के बाद 3 जून तक बढ़ा दिया जाना उचित रहेगा। उन्होंने एक बैठक में कहा कि वे प्रधानमंत्री मोदी से लॉकडाउन बढ़ाने की अपील करेंगे। इस बीच, उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने कहा कि राज्य में 14 अप्रैल के बाद लॉकडाउन खोला जाएगा या नहीं, यह कह पाना अभी मुश्किल है।

इससे पहले न्यूज एजेंसी ने कहा था कि तेलंगाना सीएम राव ने घोषणा कर दी है कि राज्य में लॉकडाउन 15 अप्रैल से 3 जून तक लागू किया जाएगा। लेकिन, फिर मुख्यमंत्री कार्यालय ने स्पष्टीकरण दिया कि सीएम ने यह सुझाव दिया था। इसे लागू करने के लिए अभी कोई घोषणा नहीं की गई है। सीएमओ ने कहा कि कोरोनावायरस पर आई एक रिपोर्ट को मद्देनजर सीएम ने लॉकडाउन को बढ़ाने की बात कही थी।

उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन बढ़ाने के संकेत
सोमवार को राज्य के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने कहा- 14 अप्रैल के बाद भी लॉकडाउन खुलने की संभावना नहीं है। एक भी कोरोना का केस प्रदेश में होता तो हम लॉकडाउन खोलने की स्थिति में नहीं रहेंगे। अवस्थी ने कहा- रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी धर्मगुरुओं से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की थी।

सभी ने सहयोग करने का आश्वासन दिया था। धर्मगुरुओं का सुझाव आया है कि मोहल्ला वॉरियर बनाया जाए। प्रदेश में कोविड-19 का लोड बढ़ गया है, इसलिए अभी लोगों को लॉकडाउन खुलने का इंतजार करना चाहिए। लॉकडाउन 14 अप्रैल को खुलेगा, यह अभी नहीं कहा जा सकता है। प्रदेश में टेस्टिंग व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है। सभी 75 जनपद में कम से कम टेस्टिंग कलेक्शन सेंटर जरूर होने चाहिए।

Exit mobile version