Latest

तेजी से मुंबई की ओर बढ़ रहा निसर्ग तूफान, मध्यप्रदेश में 2 दिन तेज बारिश के आसार, खुले में पड़ा लाखों क्विंटल गेहूं

मुंबई/ भोपाल।  चक्रवाती तूफान निसर्ग बुधवार को महाराष्ट्र से टकराएगा। मौसम विभाग के मुताबिक मुंबई से 94 किलोमीटर दूर अलीबाग के तटों से इसके टकराने के आसार हैं।

इस तूफान के रास्ते में महाराष्ट्र के रायगढ़ और पालघर में पड़ने वाले न्यूक्लियर और केमिकल संयंत्रों की सुरक्षा की तैयारियां कर ली गई हैं। एनडीआरएफ की टीमें भी तैनात कर दी गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र और गुजरात के मुख्यमंत्रियों से भी हालात का जायजा लिया और उन्हें हर मदद का भरोसा दिया है।

मौसम विभाग ने कहा कि अगले 12 घंटे तक मुंबई में भारी बारिश की आशंका है। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है।

समुद्र में 6 फीट ऊंची लहरे उठने की आशंका है। इसके चलते तटीय इलाकों से करीब 10 हजार लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। इनमें कोरोना पेशेंट भी शामिल हैं। मुंबई के अलावा ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरि और सिंधुदुर्ग में अलर्ट जारी किया गया है

एमपी में बर्बाद हो जाएगा लाखों क्विंटल गेहूं

प्रदेश भर में गेहूं की बंपर पैदावार से अन्नदाता गदगद हैं। सरकार ने भी खरीदी का ऑल टाइम रिकॉर्ड इस साल बना लिया है। इस सबके बीच परिवहन समय पर नहीं होने से 35 लाख क्विंटल गेहूं कृषि मंडियों, खरीदी केंद्रों और सोसायटियों में खुले में पड़ा है। निसर्ग तूफान के कारण अचानक बदले मौसम से आशंका है कि दो दिनों के अंदर भोपाल, सागर, होशंगाबाद संभाग के जिलों में तेज बारिश हो सकती है।अगर ऐसा हुआ तो तकरीबन 600 करोड़ रुपये का गेहूं खराब हो सकता है।

दाे दिन तेज बारिश के आसार

भोपाल के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला के मुताबिक बुधवार और गुरुवार को बारिश के आसार हैं। कहीं-कहीं भारी वर्षा भी हो सकती है। अरब सागर में उठे निसर्ग तूफान के कारण मप्र के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में बारिश हो सकती है। भोपाल, इंदौर, होशंगाबाद, उज्जैन संभाग के जिलों में भारी बारिश के आासर हैं।

खुले में पड़ा है गेहूं, बारिश हुई तो खराब होगा

समय पर सुरक्षित भंडारण और परिवहन हो सके इसके लिए फरवरी और मार्च में ही राशन कार्डधारकों को तीन-तीन महीने का गेहूं वितरण किया जा चुका था। इसके बावजूद बंपर पैदावर ने भंडारण और परिवहन के समीकरण को गड़बड़ा दिया है।

राजधानी के समीपस्थ जिले सीहोर में अकेले 10 लाख क्विंटल गेहूं का परिवहन 2 जून तक नहीं हो सका है। विदिशा-गुना में पांच लाख क्विंटल परिवहन शेष है। अशोक नगर, सागर, रायसेन, राजगढ़ में 16 लाख क्विंटल गेहूं खुले में पड़ा है।

सरकार का तर्क गेहूं की ऑल टाइम रिकॉर्ड खरीदी, 90 फीसद का परिवहन इधर, सरकार ने कहा है कि गेहूं की ऑल टाइम रिकॉर्ड खरीदी इस बार की गई है। 1 जून 2020 तक 124 लाख मीट्रिक टन गेहूं किसानों से खरीदा जा चुका है।

Back to top button