बिलासपुर।चांटीडीह स्थित रिकांडो बस्ती में कार्रवाई करने पहुंचे कार्यपालन अभियंता को एक व्यक्ति के गुस्से का सामना करना पड़ा। दरअसल वह अपनी तीन पत्नी के साथ मौके पर पहुंच गया और तीनों के लिए अलग-अलग मकान मांगने लगा। उन्होंने अधिकारी को बताया कि पूर्व में उनके मकान को तोड़ा गया था तो निगम ने तीनों पत्नी के लिए अलग-अलग मकान देने का आश्वासन दिया था। इसके बाद भी अब तक निगम के अधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
शनिवार को रिकांडो बस्ती में जब कार्रवाई चल रही थी तो वहां लाल सिंह नाम का एक व्यक्ति अपनी तीन पत्नी को लेकर पहुंच गया। उसने आते ही निगम अधिकारियों को कोसना शुरू कर दिया था। इस व्यक्ति ने बताया कि रिकांडो बस्ती में उसके तीन मकान थे, जहां उसकी तीनों पत्नियां रहती थीं। निगम के अधिकारियों ने यह बोलकर मकान तोड़ दिया कि हर पत्नी को एक-एक सरकारी मकान मिलेगा।
जबकि उसे केवल एक मकान ही आवंटित किया गया है। अब एक मकान में तीन पत्नियों को लेकर कैसे रहें। इस बात को लेकर उसे कार्यपालन अभियंता पीके पंचायती को खूब खरी खोटी सुनाई। इस मामले को लेकर श्री पंचायती योजना प्रकोष्ट देख रही अंजना लाल पर भड़क गए।
उन्होंने पूर्व में हुए बातचीत के अनुसार ही मकान एलॉट करने के निर्देश दिए। नगर निगम इन दिनों रिकांडो बस्ती में तोड़फोड़ की कार्रवाई कर रहा है। यहां शनिवार को सुशीला पति मुन्ना गंधर्व और सीमा पति मुन्ना गंधर्व के मकान तोड़े गए हैं।
रिकांडो बस्ती में तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई है। तोड़ी गई जगह पर नए मकान बनाए जाएंगे।–प्रमिल शर्मा, प्रभारी अतिक्रमण शाखा

