Site icon Yashbharat.com

कप्तान बदलते ही दिल्ली की कोलकाता पर धमाकेदार जीत

images 42

नई दिल्ली। कप्तान श्रेयस अय्यर की धमाकेदार पारी (93 नाबाद) और पृथ्वी शॉ की रिकॉर्ड फिफ्टी की मदद से दिल्ली डेयरडेविल्स ने शुक्रवार को आईपीएल 2018 में कोलकाता नाइटराइडर्स पर 55 रनों से शानदार जीत दर्ज की। दिल्ली के 219/4 के जवाब में केकेआर 9 विकेट पर 164 रन ही बना पाया। दिल्ली डेयरडेविल्स की यह सात मैचों में दूसरी जीत है और वह इसी के साथ अंक तालिका में सातवें क्रम पर पहुंच गया। दूसरी तरफ केकेआर 7 मैचों से 6 अंकों के साथ तालिका में चौथे क्रम पर हैं।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे केकेआर को ठोस शुरुआत की आवश्यकता थी, लेकिन मैक्सवेल ने क्रिस लिन (5) को बोल्ड कर मेहमानों को पहला झटका दिया। रॉबिन उथप्पा मात्र 1 रन बनाकर बोल्ट के शिकार बने। सुनील नरेन अच्छा खेल रहे थे, लेकिन वे भी 26 रन बनाकर बोल्ट द्वारा आउट किए गए। आवेश खान ने नीतिश राणा को अपनी ही गेंद पर लपका तो कप्तान दिनेश कार्तिक (18) को अमित मिश्रा ने पैवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद शुभमन गिल ने आंद्रे रसेल के साथ छठे विकेट के लिए 64 रन जोड़कर पारी को संभाला, लेकिन गिल रन आउट हुए। अमित मिश्रा ने शिवम मावी को खाता खोले बिना वापस लौटाया। आंद्रे रसेल 44 रन बनाने के बाद आवेश खान की यॉर्कर पर बोल्ड हुए। उन्होंने 30 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्के लगाए। इसके बाद कोलकाता 9 विकेट पर 164 रन ही बना पाया। ट्रेंट बोल्ट, ग्लेन मैक्सवेल, आवेश खान और अमित मिश्रा ने 2-2 विकेट लिए।

कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुनरो और शॉ ने दिल्ली को तेज शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 59 रन जोड़े। मावी ने मुनरो (33) को बोल्ड कर मेहमान टीम को पहली सफलता दिलाई। पृथ्वी ने जैसे ही आंद्रे रसेल की गेंद पर 1 रन लेते हुए फिफ्टी पूरी की, उन्होंने अपना नाम रिकॉर्ड बुक में लिखवा दिया। वे 38 गेंदों में इस मंजिल तक पहुंचे। पृथ्वी ने 18 वर्ष 169 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की। इससे पहले यह रिकॉर्ड संजू सैमसन के नाम पर था, सैमसन ने 2013 में 18 वर्ष 169 दिन की उम्र में फिफ्टी लगाई थी। इस प्रकार अब यह रिकॉर्ड संयुक्त रूप से पृथ्वी और सैमसन के नाम पर दर्ज हो गया है।

चावला ने शॉ की पारी का अंत किया। वे 44 गेंदों में 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 62 रन बनाने के बाद चावला की नीची रहती गेंद पर बोल्ड हुए। रिषभ पंत को आंद्रे रसेल ने खाता भी नहीं खोलने दिया। अय्यर के साथ चौथे विकेट के लिए 73 रनों की भागीदारी करने के बाद ग्लेन मैक्सवेल (27) रन आउट हुए। अय्यर ने कप्तान के रूप में पहले ही मैच में फिफ्टी लगाई और विशेष समूह में शामिल हो गए। अय्यर 40 गेंदों में 3 चौकों और 10 छक्कों की मदद से 93 रन बनाकर नाबाद रहे।

दिल्ली ने प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए। डेन क्रिस्टियन और गौतम गंभीर की जगह कोलिन मुनरो और विजय शंकर को लिया गया। कोलकाता ने भी एक बदलाव कर टॉम कुरैन की जगह मिचेल जॉनसन को शामिल किया।

केकेआर का पलड़ा भारी : इन दोनों के बीच अभी तक 20 मैच हुए है जिनमें केकेआर ने 13 और दिल्ली ने 7 मैच जीते हैं। वैसे इनके बीच हुए पिछले 8 मैचों में से 7 में केकेआर विजयी हुई है।

Exit mobile version