नई दिल्ली। टेंडर प्रक्रिया में भ्रष्टाचार के आरोपों पर उत्तरी दिल्ली नगर निगम की महापौर प्रीति अग्रवाल बुरी तरह घिर गई हैं। वीरवार को आम आदमी पार्टी ने इस पर भाजपा नेताओं को आड़े हाथ लिया। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता दिलीप पांडेय ने कहा, वे पहले ही कह चुके हैं कि महापौर टेंडर प्रोसेस को प्रभावित करने की कोशिश कर रही हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने निगम चुनाव से पूर्व कहा था कि इस बार नए चेहरे-नई उड़ान को मौका दिया जा रहा है। लेकिन, वो उड़ान भ्रष्टाचार के नए कीर्तिमान बनाएगी यह ‘आप’ के नेता पहले दिन से कह रहे हैं। दिलीप ने कहा कि अब सुप्रीम कोर्ट के वकील की शिकायत पर उपराज्यपाल ने मामले को विजिलेंस जांच के लिए भेजा है।
‘आप’ नेता के मुताबिक, महापौर ने सिस्टम को अपने ढंग से मरोडऩे की कोशिश की है। इन्होंने नम्बर में टेंडर प्रोसेस में दखल दिया, टेंडर प्रक्रिया की मीटिंग में जबरदस्ती घुसकर बैठक को अस्त-व्यस्त करती हैं और नियम-कानूनों को ताक पर रखते हुए टेंडर के कागज अपने पास मंगवाए, जो पूरी तरह गैर-संवैधानिक था।
दिलीप ने कहा कि निगम का विजिलेंस महापौर के अधीन आता है, तो वह कैसे निष्पक्ष जांच करेगा। प्रीति अग्रवाल को पद से हटाकर स्वतंत्र जांच कराई जाए। मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए। ईमानदारी की बात करने वाले भाजपा नेताओं को अब माफी मांगनी चाहिए।
टेंडर प्रक्रिया से सरोकार नहीं : प्रीति
आरोपों पर महापौर प्रीति अग्रवाल ने कहा कि टेंडर प्रक्रिया से उनका कोई सरकोर नहीं है। ‘आप’ की ओर से लगाए गए आरोप निराधार हैं, क्योंकि टेंडर संबंधी सभी काम निगम के कार्यकारी पक्ष द्वारा किए जाते हैं। इसमें विधायी पक्ष की कोई भूमिका नहीं होती, लिहाजा इस प्रक्रिया में दखलअंदाजी का सवाल नहीं उठता। प्रीति ने बताया कि यह सियासी द्वेष का परिणाम है, जिसका उद्देश्य जनता से जुड़े मुद्दों से ध्यान हटाना है। वे किसी भी जांच को तैयार हैं, ताकि केस में दूध का दूध और पानी का पानी साफ हो सके।
महापौर पर आरोप लगाना जैन से ध्यान भटकाने की साजिश : भाजपा
दिल्ली भाजपा ने लोगों को आगाह किया है कि आम आदमी पार्टी केवल भ्रम फैला कर राजनीतिक लाभ उठाने की ओछी राजनीति करती है, जिसके दो प्रमाण आज हमारे सामने हैं। पार्टी ने आम आदमी पार्टी द्वारा उत्तरी दिल्ली नगर निगम की महापौर पर लगाए गए आरोपों को तथ्यहीन बताते हुए मंत्री सतेन्द्र जैन पर लगे गम्भीर भ्रष्टाचार के आरोपों से दिल्ली की जनता का ध्यान भटकाने की ओछी साजिश है।
प्रदेश पार्टी के महामंत्री रविन्द्र गुप्ता ने कहा है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अब यह समझ लें की दिल्ली की जनता उनके एवं सतेन्द्र जैन के भ्रष्टाचार के रिश्ते को पूरी तरह समझ चुकी है। भाजपा कार्यकर्ताओं के सतेन्द्र जैन की बर्खास्तगी की मांग को लेकर रोज हो रहे प्रदर्शनों के बढ़ते दबाव से परेशान आम आदमी पार्टी, अब महापौर पर तथ्यहीन आरोप लगा कर ओछी राजनीति कर रही है।
