टीकमगढ़ में दर्दनाक हादसा, पार्टी मनाने गए 4 किशोरों की तालाब में डूबने से मौत
मोहनगढ़। जिले के मोहनगढ़ थाना क्षेत्र के गोर गांव के पास कौडिया तिगैला देवराई मंदिर पर बुधवार दोपहर को पार्टी मनाने गए चार किशोरों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। इनमें से दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामला जांच में लिया है।
पुलिस के अनुसार कौडिया तिगैला देवराई मंदिर पर पार्टी मनाने के लिए 13 लड़कों का ग्रुप आया था, जिनमें से विक्की मिश्रा(12), विजय समेले(13), छोटू जैन(14) और आभास चतुर्वेदी(17) बुधवार दोपहर करीब चार बजे तालाब पर नहाने के लिए पहुंचे। बाकी साथी मंदिर में ही रहे।
इस बीच चारों किशोर डूबने लगे। शोर सुनकर ग्रामीण और उनके साथी मौके पर पहुंचे, लेकिन पानी गहरा होने से किशार डूब गए। पुलिस के पहुंचने के बाद चारों को तालाब से निकाला गया, जिसमें से विक्की और विजय की मौत मौके पर ही गई। छोटू और आभास को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।