Site icon Yashbharat.com

जेट की फ्लाइट में फटा मोबाइल फोन, दहशत में यात्री

Jet Airways Flight

भोपाल।दिल्ली से इंदौर आ रही जेट एयरवेज की फ्लाइट में बड़ा हादसा टल गया. फ्लाइट में एक महिला यात्री के पर्स में रखे मोबाइल फोन की बैटरी में अचानक ब्लास्ट हो गया. धमाके के बाद मोबाइल फोन में आग लग गई और फ्लाइट में धुआं भर गया. क्रू मेंबर ने किसी तरह पानी डालकर आग को बुझाया.
जानकारी के अनुसार, अर्पिता धाल नाम की महिला यात्री अपने परिवार के साथ दिवाली सेलिब्रेशन के लिए जेट एयरवेज की फ्लाइट (9W 0791) से दिल्ली से इंदौर आ रही थी. टेक ऑफ के कुछ देर बाद फ्लाइट में स्नेक्स दिए जा रहे थे, तभी मोबाइल फोन में ब्लास्ट हो गया.
विमान के काफी ऊंचाई पर होने और धमाके के बाद धुआं भरने की वजह से यात्रियों में हड़कंप मच गया. अचानक ब्लास्ट से फ्लाइट के अंदर का माहौल असहज हो गया था. कुछ देर के लिए तो क्रू मेंबर और यात्रियों को कुछ समझ में नहीं आया. फिर सभी की नजरें अर्पिता के बैग की तरफ गई, जिसमें आग लगी हुई थी. क्रू मेंबर ने किसी तरह पानी की मदद से आग को बुझा दिया, जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली.

बताया जा रहा है कि मोबाइल फोन जिस कंपनी का था, उस कंपनी के मॉडल के बारे में डीजीसीए को सूचना दे दी गई है. डीजीसीए को अब इस पर अंतिम फैसला लेना है, जिसमें इस मोबाइल फोन को लेकर यात्रा करने पर बैन भी शामिल है.
Exit mobile version