Site icon Yashbharat.com

जिताऊ प्रत्याशियों से भाजपा को परहेज नहीं : राकेश सिंह

Rakesh Singh with Shivraj

भोपाल। आने वाले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस या अन्य पार्टियों में तोड़फोड़ नहीं करेगी, लेकिन जिताऊ प्रत्याशियों को शामिल करने से परहेज भी नहीं करेगी।

पार्टी के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह का मानना है कि जो योग्य और पार्टी की नजर में उचित प्रत्याशी हैं उनके लिए भाजपा के दरवाजे खुले हैं। सिंह का मानना है कि भाजपा तोड़फोड़ की राजनीति पर भरोसा नहीं करती है, लेकिन जो लोग पार्टी में आना चाहते हैं उनके लिए हमारे दरवाजे खुले हैं।

गौरतलब है कि कांगेस के विधायक रहे संजय पाठक, नारायण त्रिपाठी, भागीरथ प्रसाद और चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी सहित कई नेताओं को भाजपा में शामिल कराया गया था। बाद में संजय पाठक को मंत्री भी बनाया गया।

नेता प्रतिपक्ष का हल्का बयान

मीडिया के साथ बातचीत में नेता प्रतिपक्ष के बयान पर सिंह ने कहा कि अजय सिंह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अर्जुन सिंह के पुत्र हैं। अर्जुन सिंह का सभी दलों में सम्मान था। वे बड़े नेता थे। कभी उन्होंने हल्की बात नहीं कही, इसलिए मैं अजय सिंह के हल्के बयानों का जवाब देना उचित नहीं समझता हूं।

विधिवत कामकाज संभाला

राकेश सिंह ने गुरुवार को पार्टी कार्यालय में विधिवत कामकाज संभाला। पूजा-अर्चना कर उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे आज से ही चुनाव मैदान में उतर जाएं। सिंह ने कहा कि हमारी लाइन स्पष्ट है कि 2018 और 2019 के चुनाव को हमें जीतना है।

कुलस्ते की टिकट का फैसला पार्टी करेगी

प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि आदिवासी नेता फग्गन सिंह कुलस्ते का फोन उनके पास आया था। उन्होंने मेरे साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने का भरोसा जताया है। वो कौन-सा चुनाव लड़ेंगे, इसका फैसला पार्टी करेगी।

बाबाओं पर नहीं की टिप्पणी

बाबाओं को टिकट देने के मामले में राकेश सिंह ने कहा कि ऐसा कोई निर्णय नहीं हुआ है इसलिए वे किसी तरह की टिप्पणी नहीं करना चाहते हैं। अबकी बार 200 पार पर कहा कि हमने 173 सीट पहले जीती थी, अबकी बार 200 का लक्ष्य है।

कांग्रेस नेताओं का डर नहीं

कांग्रेस नेताओं की एकता के सवाल पर कहा कि सारे कांग्रेस नेता एक होकर भी चुनाव लड़ेंगे तो भी भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ता है। इसकी वजह ये है कि जनता भाजपा के साथ है।

Exit mobile version