जिग्‍नेश मेवानी बोले- बीजेपी से मुझे भी लगता है डर

वडगाम। दलित नेता और गुजरात के वडगाम से विधायक जिग्नेश मेवानी का कहना है कि उनकी जान को खतरा है और बीजेपी-आरएसएस उन्हें रास्ते से हटाना चाहते हैं। मंगलवार को मेवानी ने कहा, ‘मेरे मन में भी वीएचपी नेता प्रवीण तोगड़िया की तरह डर है।

मुझे भी इस बात का डर है कि कुछ लोग मेरी हत्या कर सकते हैं। बीजेपी और आरएसएस के लोग मुझे मार सकते हैं। मुझे सूत्रों के हवाले से पता चला है कि वे लोग मुझे रास्ते से हटाना चाहते हैं।’ मेवानी ने यह बात इंडियन एक्सप्रेस से कही।

दरअसल, विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बताया था कि उन्हें कुछ लोग मारना चाहते हैं।

उन्होंने कहा था कि वह हिंदुओं की ओर से प्रमुखता से आवाज उठा रहे हैं इसलिए कुछ वक्त से उनकी आवाज दबाने को कोशिश की जा रही है।

तोगड़िया ने बताया था, ‘मैंने देश के डेढ़ हजार डॉक्टरों को सेवा के लिए तैयार किया और अब सेंट्रल आईबी मुझे मारना चाहती है। केंद्र को मैंने इस मामले में पत्र भी लिखा। आईबी मुझे डरा रही है। मेरी आवाज दबाने के लिए कानून भंग के मामले दर्ज किए जा रहे हैं।’

Exit mobile version