Site icon Yashbharat.com

जापान चुनाव में शिंजो आबे को मिला बहुमत , पीएम मोदी ने दी बधाई

shinjo abe 23 10 2017

टोक्यो/नई दिल्ली। जापान में हुए मध्यावधि चुनाव में पीएम शिंजो आबे और उनकी सहयोगी पार्टियों को दो तिहाई बहुमत मिल गया है। इसके साथ ही आबे 2021 तक एक बार फिर देश के पीएम बनने को तैयार हैं। उनकी पार्टी ने निचले सदन की 465 सीटो में से 312 सीटो पर जीत दर्ज करते हुए दो तिहाई बहुमत पा लिया है।

उनकी इस जीत पर पीएम मोदी ने ट्वीट कर बधाई दी है। पीएम ने अपने ट्वीट में लिखा है कि मेरे प्रिय मित्र शिंजो आबे को चुनाव में मिली बड़ी जीत पर बधाई। हम भारत और जापान के रिश्तों को और आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं। 

आपको बता दें कि तूफान लैन के प्रभाव से चल रही तेज हवा और बारिश की परवाह न करते हुए लाखों लोगों ने रविवार को मतदान में हिस्सा लिया था। एबी ने विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने और उत्तर कोरिया के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने के लिए नया जनादेश पाने को तय समय से एक साल पहले चुनाव कराया।

दो-तिहाई बहुमत मिलने से एबी संविधान में संशोधन का प्रस्ताव रख सकेंगे। इससे संविधान में युद्ध की बंदिश और सेना की आत्मरक्षा की भूमिका को खत्म किया जा सकेगा।जापान में सुबह सात बजे (स्थानीय समय के अनुसार) मतदान शुरू हुआ और रात आठ बजे तक चला। पश्चिमी जापान के कोचि में भूस्खलन की वजह से 20 मिनट देरी से मतदान शुरू हुआ। तूफान के मार्ग में पड़ने वाले दक्षिणी द्वीप पर एक दिन पहले ही शनिवार को लोगों ने मतदान किया।

भारत के साथ और मजबूत होगा संबंध

शिंजो एबी भारत के साथ संबंधों को तरजीह देते हैं। उनके कार्यकाल में भारत और जापान का संबंध मजबूत हुआ है। उनके फिर से सत्ता में आने पर इसमें और मजबूती आएगी। जापान आर्थिक और परमाणु क्षेत्र में भारत का प्रमुख सहयोगी है। उसके सहयोग से भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना शुरू की गई है। पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एबी ने इस परियोजना की नींव रखी थी।

Exit mobile version